सोशल मीडिया पर उड़ी सपना चौधरी की मौत की अफवाह, कुछ और है सच्चाई

मशहूर हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी आए दिन किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में रहती हैं। अब एक बार फिर वह अपने प्रशंसकों के बीच चर्चा में हैं। हालांकि, इस बार वह एक बुरी खबर के चलते लोगों के बीच चर्चा का विषय बनीं। दरअसल, सपना चौधरी की मौत से जुड़ा एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बस फिर क्या था, सपना के फैंस हैरान-परेशान हो गए। आइए पूरा मामला जानते हैं।
वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि सपना चौधरी की सिरसा में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह खबर आते ही फैंस दुख व्यक्त करने लगे और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना शुरू हो गई। लोग सोशल मीडिया पर तस्वीरों के साथ सपना को श्रद्धांजलि देने लगे। हरियाणवी क्वीन सपना चौधरी के निधन से फैंस सकते में आ गए, लेकिन जब इस खबर की पड़ताल की गई तो सच्चाई कुछ और निकली।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह महज एक अफवाह थी। सपना अपने परिवार के साथ पूरी तरह से ठीक हैं। दरअसल, प्रीती नाम की डांसर, जिन्हें लोग जूनियर सपना चौधरी के नाम से भी जानते थे, उनकी सड़क हादसे में मौत हुई है। 29 अगस्त को हरियाणा के सिरसा के पास ये सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे और एक 30 साल की युवती की मौत हो गई थी।
सपना 'बिग बॉस 11' में नजर आई थीं। इस शो से उनकी लोकप्रियता में काफी इजाफा हुआ था। हालांकि, सपना ने कहा था, "लोगों को लगता है कि 'बिग बॉस' करने के बाद वे बड़े सेलेब्रिटी बन जाते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। यह मेरे लिए फायदेमंद नहीं रहा।" उन्होंने कहा, "मैं आज जो कुछ भी हूं, डांस की वजह से हूं। डांस हमेशा ही मेरा पहला प्यार रहेगा, लेकिन मैं अपना एक्टर बनने का सपना भी जरूर पूरा करूंगी।"
सपना ने हरियाणवी गानों पर डांस कर अपनी अलग पहचान बनाई है। वह बड़े-बड़े कार्यक्रमों में मंच पर अपने प्रदर्शन के लिए लोकप्रिय हैं। सपना इन दिनों रवि किशन और मनोज तिवारी के साथ एंड टीवी के एक क्राइम शो 'मौका-ए-वारदात' को होस्ट करती हुई नजर आ रही हैं। सपना ने हरियाणवी इंडस्ट्री के साथ, भोजपुरी, पंजाबी व बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी काम किया है। उन्होंने फिल्म 'दोस्ती के साइड इफेक्ट्स' से बॉलीवुड में कदम रखा था।