Loading...
कॉमेडियन रसेल ब्रांड को बड़ा झटका: 10 साल की जेल, कोर्ट ने बताया 'यौन शिकारी'
ब्रिटिश कॉमेडियन रसेल ब्रांड को 10 साल की सजा

कॉमेडियन रसेल ब्रांड को बड़ा झटका: 10 साल की जेल, कोर्ट ने बताया 'यौन शिकारी'

Nov 10, 2026
09:49 am

क्या है खबर?

ब्रिटिश कॉमेडियन और टीवी स्टार रसेल ब्रांड को रेप समेत यौन अपराधों के मामले में 10 साल से ज्यादा की जेल की सजा सुनाई गई है। कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा कि रसेल एक 'यौन शिकारी' थे और उनकी मशहूर हस्ती होने का फायदा उन्हें मिलता रहा। जज जोएल बेन्नाथन ने कहा कि उन्होंने पीड़ित महिलाओं के प्रति बेहद अहंकार और अपमानजनक रवैया दिखाया। उनके अपराधों से पीड़ितों को गहरा और लंबे समय तक रहने वाला नुकसान पहुंचा है।

फैसला

रसेल ब्रांड की सजा सुनते ही कोर्ट में झुक गईं पत्नी

जज ने मामले में सामने आई महिलाओं की हिम्मत की तारीफ की। उन्होंने रसेल ब्रांड से कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से और जब चाहा, तब अपराध किए और उन नियमों की परवाह नहीं की, जिनका पालन सभ्य लोग करते हैं।

लंदन के साउथवार्क क्राउन कोर्ट में सजा सुनाए जाने के दौरान उनकी पत्नी लॉरा गैलाचर भी मौजूद थीं। 10 साल 6 महीने की कुल सजा का ऐलान होते ही वो कोर्ट में अपनी सीट पर झुक गईं।

सजा

रेप केस में सजा के बाद पत्नी से क्या बोले रसेल ब्रांड?

जेल ले जाने से पहले रसेल ने पत्नी से कहा, "हम ठीक हो जाएंगे।" उनकी पत्नी पूरे केस के दौरान कोर्ट में उनके साथ मौजूद रहीं। पिछले हफ्ते जूरी ने ब्रांड को 2004 से 2009 के बीच चार महिलाओं के साथ रेप और यौन उत्पीड़न का दोषी पाया था।

कभी टीवी और रेडियो के मशहूर चेहरा रहे ब्रांड अब ऑनलाइन ईसाई धर्म का प्रचार करते हैं। पीड़िता का बयान सुनने से पहले उन्होंने माला पकड़ी और क्रॉस का निशान बनाया।

ADVERTISEMENT

आपबीती

रसेल ब्रांड की शोहरत और रसूख के आगे बेबस थीं पीड़ित महिलाएं

2004 में लंदन के एक बार में हुए हमले से एक महिला आज भी परेशान हैं। उन्होंने कोर्ट में कहा कि रसेल की शोहरत के दौरान मीडिया में महिलाओं के साथ उनके गलत व्यवहार को मजाक की तरह दिखाया जाता था।

रसेल की प्रसिद्धि, पैसे और रसूख के कारण प्रभावित महिलाएं इतनी सहमी हुई थीं कि उन्हें डर था कि शिकायत करने पर कोई उन पर भरोसा नहीं करेगा, जिससे वे खुद को पूरी तरह बेबस महसूस कर रही थीं।

ADVERTISEMENT

वादा

ब्रिटेन सरकार करेगी कानून में बदलाव

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने पीड़ितों के साहस की सराहना करते हुए कानूनी व्यवस्था में सुधार का वादा किया है।

उन्होंने रेप और गंभीर यौन अपराधों की जांच के लिए हर पुलिस स्टेशन में विशेष टीमें बनाने का वादा किया है, वहीं रसेल के खिलाफ पुलिस 2 नए आरोपों की जांच कर रही है।

रसेल ने सभी आरोपों से इनकार किया है। हालांकि, ये जरूर माना कि अपनी शोहरत का इस्तेमाल कर उन्होंने कई महिलाओं से संबंध बनाए थे।

ADVERTISEMENT