LOADING...
कोल्डप्ले कॉन्सर्ट से पहले मुंबई में बदली गई यातायात व्यवस्था, निकलने से पहले पढ़ लें नियम
कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के लिए बदले गए यातयात नियम

कोल्डप्ले कॉन्सर्ट से पहले मुंबई में बदली गई यातायात व्यवस्था, निकलने से पहले पढ़ लें नियम

Jan 15, 2025
10:33 am

क्या है खबर?

भारत में इन दिनाें कोल्डप्ले खूब चर्चा में है और हो भी क्यों ना, दुनिया के सबसे सफल बैंड्स में शुमार कोल्डप्ले 9 साल बाद फिर से भारत में जो धमाकेदार प्रदर्शन करने जा रहा है। इस शो के लिए दीवानगी कुछ ऐसी है कि टिकट बुक करने वाली साइट्स तक क्रैश हो चुकी हैं। बहरहाल, अब खबर है कि इस शो से कुछ ही दिन पहले नवी मुंबई में यातायात के नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं।

एडवाइजरी

जारी हुई ट्रैफिक एडवाइजरी

कोल्डप्ले का कॉन्सर्ट 18, 19 और 21 जनवरी के दिन होना है। मुंबई के DYE पाटिल स्टेडियम में रॉकबैंड की टीम 3 दिन परफॉर्म करेगी। इस वजह से मुंबई के कई इलाकों में भारी जाम रहेगा। संगीत कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहता। इस बीच सुरक्षा की दृष्टि से और सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए नवी मुंबई में विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। इसे लेकर आदेश जारी किया गया है।

प्रतिबंध

भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद

पुलिस उपायुक्त (यातायात) तिरूपति काकाडे ने मोटर वाहन अधिनियम, धारा 115, 116(1)(ए)(बी), और 117 के तहत एक एडवाइजरी जारी की है। इस आदेश के तहत इन विशेष तिथियों पर शहर में भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा, सभी प्रकार के भारी और माल ढोने वाले वाहनों पर भी नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के अधिकार क्षेत्र के भीतर किसी भी सड़क पर प्रवेश, यात्रा या पार्किंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

Advertisement

नियम

नहीं होगी स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर जाने की अनुमति

आवश्यक सामान ले जाने वाले वाहनों, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और सरकारी वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है। कॉन्सर्ट की तारीखों के अनुसार प्रतिबंधित घंटों के दौरान स्टेडियम के पास की सड़कों पर जाने से प्रतिबंध लगाया गया है। फ्री प्रेस जर्नल से डीसीपी काकड़े ने यातायात प्रतिबंधों के बारे में बात करते हुए कहा, "कॉन्सर्ट की अवधि के दौरान आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।"

Advertisement

समय

कब तक लागू रहेंगे यातायात प्रतिबंध?

बता दें कि यातयात से जुड़े ये नए नियम 18, 19 और 21 जनवरी को प्रत्येक दिन दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक प्रभावी रहेंगे। कोल्डप्ले भारत में अपने बहुप्रतीक्षित प्रदर्शन के साथ इतिहास रचने के लिए तैयार है। यह 2016 के बाद भारत में कोल्डप्ले का दूसरा प्रदर्शन है। मुंबई शो के अलावा, कोल्डप्ले 25 और 26 जनवरी, 2025 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भी प्रदर्शन करेगा।

रॉक बैंड

कोल्डप्ले में कौन-कौन है?

4 सदस्यों के रॉकबैंड कोल्डप्ले में गायक क्रिस मार्टिन हैं तो वहीं जॉनी बकलैंड गिटार बजाकर लोगों को लुभाते हैं। उधर गाय बेरी बेसिस्ट और विल चैंपियन ड्रमर की भूमिका निभाते हैं। इस ग्रुप में मैनेजर के तौर पर फिल हार्वी हैं और उन्हें कोल्डप्ले का अदृश्य सदस्य भी कहा जाता है। इस बैंड की शुरुआत क्रिस और जॉनी ने की थी। साल 1996 में दोनों लंदन में एक विश्वविद्यालय में मिले थे। कोल्डप्ले 7 ग्रैमी पुरस्कार जीत चुका है।

Advertisement