LOADING...
जसलीन रॉयल कौन हैं, जो बनीं ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले से जुड़ने वाली पहली भारतीय कलाकार?
कोल्डप्ले से जुड़ीं भारतीय गायिका जसलीन रॉयल (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@/jasleenroyal)

जसलीन रॉयल कौन हैं, जो बनीं ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले से जुड़ने वाली पहली भारतीय कलाकार?

Jan 12, 2025
04:58 pm

क्या है खबर?

दुनियाभर में मशहूर ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले भारत आ रहा है। मुंबई शहर जादू और संगीत से जगमगाने वाला है। दरअसल, मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम में 18 और 19 जनवरी को कोल्डप्ले का कार्यक्रम होने वाला है। अब इसे लेकर भारतीय संगीत प्रेमियों का उत्साह और बढ़ जाएगा। दरअसल, कोल्डप्ले ने पंजाबी गायिका जसलीन रॉयल को भारत में अपने म्यूजिक ऑफ द स्फीयर्स टूर की शुरुआत करने के लिए चुना है। आइए जसलीन के बारे में विस्तार से जानें।

मौका

कोल्डप्ले टूर की भारत में शुरुआत करेंगी जसलीन

जसलीन पहली ऐसी भारतीय कलाकार बन गई हैं, जो कोल्डप्ले के 'म्यूजिक ऑफ द स्फीयर्स' टूर का भारत में शुभारंभ करेंगी। मतलब यह कि टूर की शुरुआत जसलीन की परफॉर्मेंस से होगी। यह किसी भी भारतीय कलाकार के लिए एक बड़ा मौका है, क्योंकि कोल्डप्ले की दुनियाभर में जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। जसलीन खुद भी कोल्डप्ले से जुड़कर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे लेकर अपनी खुशी जाहिर की है।

बहुमुखी प्रतिभा

गायिका ही नहीं, गीतकार और संगीतकार भी हैं जसलीन

जसलीन कौर रॉयल को लोग जसलीन रॉयल नाम से जानते हैं। वह गायिका होने के साथ गीतकार और संगीतकार भी हैं। जसलीन पंजाबी, हिंदी, बंगाली और गुजराती के साथ-साथ अंग्रेजी में भी गाने गाती हैं। 33 साल की जसलीन ने अपनी स्कूली शिक्षा सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, लुधियाना से पूरी की। फिर आगे की पढ़ाई के लिए वह नई दिल्ली चली गईं। वहां उन्होंने हिंदू कॉलेज से बी.कॉम ऑनर्स की डिग्री ली। इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 30 लाख फॉलोअर्स हैं।

सफर

इस फिल्म के गाने से बॉलीवुड में हुई थी जसलीन की शुरुआत

जसलीन को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिल चुका है। उन्हें यह पुरस्कार सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'शेरशाह' के म्यूजिक एल्बम के लिए मिला था। बॉलीवुड में जसलीन की शुरुआत सोनम कपूर की फिल्म 'खूबसूरत' से हुई थी। उन्होंने फिल्म के गाने 'प्रीत' में अपनी आवाज दी थी। जसलीन ने संगीत का कोई प्रशिक्षण नहीं लिया है। वह न सिर्फ गाने में माहिर हैं, बल्कि एक ही समय पर कई वाद्ययंत्र भी बजा लेती हैं।

लोकप्रियता

कई हिट गाने गा चुकीं जसलीन

जसलीन 'रांझणा', 'दिन शगणा दा', 'हीरिये', 'खो गए हम कहां' और 'लव यू जिंदगी' जैसे कई हिट गाने गा चुकी हैं। हाल ही आया उनका गाना 'साहिबा' भी खूब लोकप्रिय हुआ। अरिजीत सिंह के साथ आया उनका गाना 'हीरिये' स्पॉटिफाय पर विश्व स्तर पर 40वां सबसे ज्यादा सुना जाने वाला गाना बना था। जसलीन पहली बार चर्चा में तब आईं, जब 2009 में 'इंडियाज गॉट टैलेंट' के पहले सीजन में वह सेमी-फाइनलिस्ट बनीं। उस समय वह 18 साल की थीं।

जानकारी

कोल्डप्ले जीत चुका 7 ग्रैमी पुरस्कार

'फिक्स यू' और 'विवा ला विडा' जैसे गानों के लिए मशहूर कोल्डप्ले बैंड की शुरुआत साल 1997 में लंदन में हुई थी। क्रिस मार्टिन, जॉनी बकलैंड, गाय बैरीमैन, विल चैम्पियन और फिल हार्वे इस बैंड के सदस्य हैं। कोल्डप्ले 7 ग्रैमी पुरस्कार जीत चुका है।