'कॉकटेल 2' में रश्मिका और कृति निभा रहीं समलैंगिक किरदार? जानिए क्या बोले निर्माता
क्या है खबर?
शाहिद कपूर की फिल्म 'कॉकटेल 2' का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित फिल्म में रश्मिका मंदाना और कृति सैनन भी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। काफी समय से अटकलें लगाई जा रही हैं कि रश्मिका और कृति फिल्म में समलैंगिक जोड़ी के रूप में दिखेंगी। अब इन अटकलों पर निर्माताओं ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। दरअसल, फिल्म से जुड़े कलाकार और निर्देशक ट्रेलर लॉन्च पर उपस्थित मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
प्रतिक्रिया
निर्माता ने अटकलों को अफवाह बताया
निर्माता दिनेश विजान ने अटकलों पर कहा, "मैं चाहता हूं कि रश्मिका इस बारे में स्पष्टीकरण दें। ऐसी अफवाहें हैं कि आप और कृति फिल्म में एक कपल हैं। क्या आप कुछ कहना चाहेंगी?" तभी कृति ने शाहिद की ओर इशारा करते हुए कहा, "मुझे लगता है ये अफवाहें एक ही जगह से आ रही हैं।" शाहिद बोले, "मैंने कुछ नहीं कहा, दोस्तों! मैं ऐसा क्यों करूंगा? ये अफवाहें कहां से आ रही हैं ? कौन फैला रहा है ?"
अफवाह
कैसे शुरू हुआ अफवाहों का दौर?
वहीं निर्देशक होमी ने कहा, "यह अफवाह यहीं से शुरू हुई। हम सब सेट पर साथ बैठे थे। वे (रश्मिका और कृति) दोस्त होने के नाते एक-दूसरे के साथ बहुत घुल-मिल जाते हैं। हमने बस यूं ही सोचा कि अगर कहानी उन्हीं के बारे में हो, और शाहिद तीसरे पहिये की भूमिका में हों, तो क्या होगा? मैंने बस इतना कहा, 'मुझे ऐसी फिल्म बनाने में आपत्ति नहीं है'।" बता दें, 'कॉकटेल 2' 19 जून को रिलीज हो रही है।