'कॉकटेल 2': कृति सैनन के 12 साल के करियर में पहली बार हुआ ऐसा
क्या है खबर?
कृति सैनन के करियर में पहली बार कुछ ऐसा हुआ है, जो अब तक नहीं हुआ था। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'कॉकटेल 2' को सेंसर बोर्ड की तरफ से 'A' यानी एडल्ट सर्टिफिकेट दिया गया है। इसी के साथ ये फिल्म कृति की पहली 'A' रेटेड फिल्म बन गई है। फैंस अब ये कयास लगाने में जुट गए हैं कि आखिर इस फिल्म में ऐसा क्या बोल्ड कंटेंट या भाषा है, जिसके चलते बोर्ड को इसे एडल्ट श्रेणी में डालना पड़ा।
रिकॉर्ड
कृति की पहली और रश्मिका की दूसरी 'A' सर्टिफिकेट वाली फिल्म
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, कॉकटेल 2' कृति के 12 साल के फिल्मी करियर की पहली एडल्ट-रेटेड ('A' सर्टिफिकेट वाली) फिल्म बन गई है, वहीं, रश्मिका मंदाना के लिए ब्लॉकबस्टर फिल्म 'एनिमल' के बाद ये उनकी दूसरी 'A' रेटेड हिंदी फिल्म है। दूसरी ओर शाहिद कपूर के करियर की ये पांचवीं एडल्ट-रेटेड फिल्म होगी। खास बात यह है कि उनकी पिछली रिलीज 'ओ रोमियो' भी A-रेटेड थी, जिससे पहली बार शाहिद की लगातार 2 फिल्में एडल्ट सर्टिफिकेट वाली होंगी।
अवधि
कितनी लंबी है शाहिद-कृति और रश्मिका की फिल्म?
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'कॉकटेल 2' की कुल अवधि 2 घंटे 30 मिनट है। फिल्म को सेंसर बोर्ड (CBFC) द्वारा 'A' यानी एडल्ट रेटिंग दिए जाने के कारणों और अन्य औपचारिकताओं की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दिलचस्प बात ये है कि 2012 में आई पहली फिल्म 'कॉकटेल' को U/A सर्टिफिकेट मिला था, लेकिन इस बार A सर्टिफिकेट के चलते 18 साल से कम उम्र के दर्शक इसे सिनेमाघरों में नहीं देख पाएंगे।
अनुमान
क्या रश्मिका-कृति के 'समलैंगिक रोमांस' की वजह से मिला 'A' सर्टिफिकेट?
'कॉकटेल 2' को सेंसर बोर्ड से 'A' सर्टिफिकेट मिलने की ये खबर उन अफवाहों के बीच आई है, जिनमें दावा किया जा रहा है कि फिल्म एक समलैंगिक प्रेम कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है। सोशल मीडिया पर चल रही अटकलें यही संकेत दे रही हैं कि फिल्म में रश्मिका और कृति के किरदारों के बीच लव स्टोरी देखने को मिलेगी। कई लोग अब ये दलील दे रहे हैं कि फिल्म को एडल्ट रेटिंग मिलने की मुख्य वजह यही है।
सीक्वल
कब रिलीज होगी 'कॉकटेल 2'
'कॉकटेल 2' की कहानी साल 2012 में आई मूल फिल्म 'कॉकटेल' से बिल्कुल अलग होगी। कॉकटेल में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी की पहली फिल्म से पूरी तरह अलग होगी। नई फिल्म के निर्देशक भी होमी अदजानिया हैं। फिल्म की पटकथा तरुण जैन और लव रंजन ने मिलकर लिखी है। संगीत का जिम्मा पहले की तरह मशहूर कंपोजर प्रीतम ने संभाला है। ये फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।