'कॉकटेल 2' पर निर्माताओं ने पानी की तरह बहाया पैसा, कलाकारों को दी इतनी फीस
क्या है खबर?
शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सैनन की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'कॉकटेल 2' चर्चा में हैं। हाल ही में निर्माता मैडॉक फिल्म्स ने इसका ट्रेलर जारी किया, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी 'कॉकटेल 2' 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। इस बीच, फिल्म से जुड़े एक अंदरूनी सूत्र ने खुलासा किया कि यह हिंदी सिनेमा की सबसे महंगी रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों में से एक है।
बजट
'कॉकटेल 2' के निर्माण में लगी इतनी लागत
बॉलीवुड हंगामा से सूत्र ने बताया कि मैडॉक फिल्म्स ने दर्शकों को बेजोड़ फिल्म देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा, "'कॉकटेल 2' हिंदी सिनेमा की सबसे महंगी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्मों में से एक है। इसके निर्माण की लागत लगभग 95 करोड़ रुपये है, इसके अलावा शाहिद, कृति और रश्मिका को मिलाकर 35 करोड़ रुपये की फीस दी गई है। प्रिंट और प्रचार पर 20 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जिससे कुल लागत 150 करोड़ रुपये हो जाती है।"
मुनाफा
निर्माताओं ने 50 प्रतिशत बजट वसूल लिया
सूत्र ने कहा, "फिल्म महज रोमांटिक-कॉमेडी नहीं है; इसे एक बड़े पर्दे की मनोरंजक फिल्म की तरह बनाया गया है। ऐसे समय में जब ज्यादातर निर्माता इस शैली की फिल्म पर 150 करोड़ रुपये खर्च करने से हिचकिचाते हैं, दिनेश ने भव्यता, लोकेशन, संगीत, स्टाइल और प्रस्तुति पर पूरा जोर लगाया है।" रिपोर्ट के अनुसार, 'कॉकटेल 2' के प्री-सेल्स से लगभग 50 प्रतिशत बजट वसूल हो चुका है। अब देखना होगा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल करती है।