LOADING...
राजनीति में आने से पहले बॉक्स ऑफिस के 'थलापति' थे विजय, ये है सबसे कमाऊ फिल्में
थलापति विजय की बंपर कमाई करने वाली फिल्में

राजनीति में आने से पहले बॉक्स ऑफिस के 'थलापति' थे विजय, ये है सबसे कमाऊ फिल्में

Jun 22, 2026
10:54 am

क्या है खबर?

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय (थलापति विजय) 22 जून को 52 साल के हो गए हैं। तमिल सिनेमा में अपना जादू बखूबी चलाने के बाद, विजय अब राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय हो चुके हैं। हालांकि, राजनीति का दामन पकड़ने से पहले उन्होंने 'थलापति' बनकर अपनी फिल्मों के जरिए फैंस का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी आखिरी फिल्म 'जन नायकन' का इंतजार लोग बेसब्री से कर रहे हैं। इस बीच, एक नजर डालते हैं विजय की पिछली कमाऊ फिल्मों पर।

#1

'लियो'

विजय की सबसे कमाऊ फिल्मों में पहला नाम 'लियो' का है, जो साल 2023 में रिलीज हुई थी। इसमें उनके साथ तृषा कृष्णन मुख्य किरदार में नजर आईं और इसका निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया था। सैकनिल्क के मुताबिक, करीब 225 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 605.90 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था। तमिल भाषा में बनी 'लियो' को तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी में भी रिलीज़ किया गया था।

#2 & #3

'GOAT' और 'बिगिल'

साल 2024 में, विजय की फिल्म 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' (GOAT) रिलीज हुई। वेंकट प्रभु के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिनेता ने दोहरा किरदार निभाया, जो उनके ही बेटे के रूप में था। करीब 350 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने दुनियाभर 457.00 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, 2019 में आई उनकी फिल्म 'बिगिल' ने 295.85 करोड़ रुपये कमाए, जबकि इसका बजट लगभग 180 करोड़ था। फिल्म में नयनतारा और जैकी श्रॉफ भी हैं।

Advertisement

#4 & #5

'वरिसु' और 'मार्सल'

साल 2023 में आई फिल्म 'वरिसु' में विजय के साथ रश्मिका मंदाना नजर आईं। वामशी पेडिपल्ली द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग 297.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया और सुपरहिट साबित हुई। इसका बजट करीब 200 करोड़ रुपये के आसपास बताया जाता है। इसके अलावा, 'मार्सल' ने बॉक्स ऑफिस पर 257 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया। यह एक हिट फिल्म है, जिसमें विजय के साथ सामंथा रुथ प्रभु और काजल अग्रवाल भी नजर आई थीं।

Advertisement