'सिटाडेल सीजन 2' का ट्रेलर जारी, प्रियंका चोपड़ा और रिचर्ड मैडेन की दमदार वापसी
क्या है खबर?
प्रियंका चोपड़ा की हॉलीवुड सीरीज 'सिटाडेल' आखिरकार अपने दूसरे सीजन के साथ लौट रही है। साल 2023 सीरीज की पहली किस्त रिलीज हुई थी, जिसमें अभिनेत्री ने अपने दमदार एक्शन से लोगों की वाहवाही लूटी। रूसो ब्रदर्स द्वारा निर्देशित यह सीरीज 'सिटाडेल सीजन 2' लेकर आ रही है, जिसका ट्रेलर जारी किया गया है। सीरीज में प्रियंका के साथ स्कॉटिश अभिनेता रिचर्ड मैडेन और अभिनेता स्टैनली टुची जूनियर भी वापसी कर रहे हैं।
सीरीज
कैसा है 'सिटाडेल सीजन 2' का ट्रेलर?
'सिटाडेल सीजन 2' के साथ नादिया सिंह (प्रियंका) एक बार फिर अपने जासूसी अवतार में वापसी कर रही हैं। उनके साथ बर्नार्ड ऑर्लिक (स्टेनली) भी हैं। इस बार टीम का मुकाबला नए और खतरनाक वैश्विक खतरे से है, जो पूरी मानवता को मुश्किल में डाल सकता है। दूसरी तरफ, सिटाडेल एजेंसी का खात्मा करने के लिए संगठन 'मैंटिकोर' अभी भी सक्रिय है। इस बार कहानी और ज्यादा साजिशों की ओर ले जाएगी जो जानलेवा भी हैं।
रिलीज
मई, 2026 में रिलीज होगी सीरीज
'सिटाडेल' के दूसरे सीजन में कुल 7 एपिसोड हैं। इनका प्रीमियर 6 मई, 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा। एक साथ सारे एपिसोड के साथ यह सीरीज दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में रिलीज होने के लिए तैयार है। जैक रेनर, मैट बेरी और मर्ले डैंड्रिज जैसे नए चेहरे भी सीरीज का हिस्सा बन गए हैं और अहम भूमिका निभाएंगे। वेब सीरीज के ट्रेलर ने लोगों को अभी से उत्साहित कर दिया है।