क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' का बॉक्स ऑफिस पर धमाल, 'ओपेनहाइमर' को भी छोड़ा पीछे
क्रिस्टोफर नोलन की नई फिल्म 'द ओडिसी' बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। भारत में इसने सिर्फ 4 दिन में 83 करोड़ रुपये से ज्यादा बटोर लिए हैं, जिसमें अकेले सोमवार को 8.35 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।
पूरी दुनिया में भी यह फिल्म शानदार प्रदर्शन कर रही है, जिसने अब तक 2,530 करोड़ का आंकड़ा छू लिया है।
इसमें लगभग आधी कमाई अमेरिकी दर्शकों से आया है। अपने शुरुआती हफ्ते के लिहाज से यह वाकई एक जबरदस्त कमाई है।
भारत में 'द ओडिसी' ने 'ओपेनहाइमर' को पछाड़ा
'द ओडिसी' ने भारत में क्रिस्टोफर की पिछली सुपरहिट फिल्म 'ओपेनहाइमर' को भी कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
जहां 'ओपेनहाइमर' ने इतने ही समय में 55.75 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं 'द ओडिसी' 83 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है।
हालांकि, यह फिल्म अभी 'अवतार: द वे ऑफ वाटर' जैसी बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच पाई है।
भारत में अधिकतर दर्शक फिल्म का अंग्रेजी संस्करण देखना पसंद कर रहे हैं, खासकर रात के शो में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बेंगलुरु और दिल्ली-NCR जैसे बड़े शहरों में इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह है।