LOADING...
'द ओडिसी' की स्क्रीनिंग में इन्फ्लुएंसरों को नहीं मिलेगा न्यौता, इस कारण लिया गया फैसला
फिल्म 'द ओडिसी' पर आया ये अपडेट

'द ओडिसी' की स्क्रीनिंग में इन्फ्लुएंसरों को नहीं मिलेगा न्यौता, इस कारण लिया गया फैसला

Jun 26, 2026
10:42 am

क्या है खबर?

क्रिस्टोफर नोलन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द ओडिसी' रिलीज से पहले दुनियाभर में चर्चा बटोर रही है। पिछले दिनों निर्माताओं ने ऐलान किया था फिल्म की भव्य स्क्रीनिंग भारतीय दर्शकों के लिए भी आयोजित होगी। मुंबई के PVR आइकॉन IMAX: फीनिक्स पैलेडियम में आयोजित इस स्क्रीनिंग में एम्मा थॉमस, टॉम हॉलैंड और मैट डेमन शामिल होंगे। ताजा अपडेट है कि यूनिवर्सल पिक्चर्स सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए शुरुआती स्क्रीनिंग नहीं करेगी। सिर्फ समीक्षकों के लिए स्क्रीनिंग का आयाेजन किया जाएगा।

फैसला

सिर्फ समीक्षकों को मिलेगा 'द ओडिसी' की स्क्रीनिंग का न्यौता

हॉलीवुड रिपोर्टर के मुताबिक, यूनिवर्सल पिक्चर्स ने फिल्म की शुरुआती स्क्रीनिंग न करने का फैसला किया है। स्टूडियो 6 जुलाई को लंदन में इसके विश्व प्रीमियर के बाद पेशेवर समीक्षकों के लिए फिल्म की स्क्रीनिंग शुरू करेगा। देखा जाए तो पिछले कुछ साल में, निर्माता सोशल मीडिया पर फिल्म की चर्चा बढ़ाने के लिए इन्फ्लुएंसर, फैन-साइट ब्लॉगर और कंटेंट क्रिएटर्स को स्क्रीनिंग में आमंत्रित करते हैं। हालांकि, क्रिस्टोफर अपनी फिल्म 'द ओडिसी' के लिए बिल्कुल अलग रास्ता अपनाएंगे।

वजह

इन्फ्लुएंसरों की प्रतिक्रियाओं पर संदेह पैदा हो रहा

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब दर्शकों का इन्फ्लुएंसरों की प्रतिक्रियाओं पर संदेह बढ़ गया है। कुछ लोगों का मानना है कि इन्फ्लुएंसरों को स्टूडियो द्वारा मार्केटिंग अभियानों के हिस्से के रूप में न्यौता दिया जाता है, जिससे उनकी शुरुआती समीक्षाएं ज्यादा सकारात्मक प्रतीत होती हैं। वार्नर ब्रदर्स की 'सुपरगर्ल' को रिलीज से पहले जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, लेकिन समीक्षकों से कम रेटिंग मिली थी। बता दें, 'द ओडिसी' 17 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

Advertisement