Loading...
दलेर मेहंदी विवाद: मुख्यमंत्री धामी बोले- उत्तराखंड में कलाकारों का हमेशा सम्मान, बातचीत से सुलझेगी गलतफहमी
दलेर मेहंदी मामले पर मुख्यमंत्री धामी बोले- अतिथि देवो भव:

दलेर मेहंदी विवाद: मुख्यमंत्री धामी बोले- उत्तराखंड में कलाकारों का हमेशा सम्मान, बातचीत से सुलझेगी गलतफहमी

Oct 23, 2026
10:06 am

क्या है खबर?

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गायक दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद को सुलझाने के लिए पहल की है। मुख्यमंत्री ने दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह से बात की। दरअसल, सिद्धपीठ मां कुंजापुरी मेले के दौरान राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा मंच पर दलेर मेहंदी को सार्वजनिक रूप से टोकने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। इसके बाद मीका ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग कर मंत्री से माफी मांगने की अपील की थी।

पहल

आपसी बातचीत से सुलझेगी गलतफहमी: मुख्यमंत्री धामी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री धामी ने लिखा, 'आज मेरी गायक मीका सिंह से फोन पर बात हुई। दलेर मेहंदी से जुड़े मामले पर चर्चा कर मैंने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी गलतफहमी को आपसी बातचीत और सौहार्द के साथ सुलझाया जाना चाहिए। 'देवभूमि' के रूप में जाना जाने वाला उत्तराखंड हमेशा 'अतिथि देवो भव:' की परंपरा का पालन करता है और राज्य में कलाकारों का हमेशा स्वागत और सम्मान किया जाता है।'

बयान

"दोनों गायक मेरे मित्र, मंत्री पर रहा होगा जनता का दबाव"

इससे पहले देहरादून में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा था कि वो दलेर मेहंदी से भी बात करेंगे। उन्होंने दोनों गायकों (दलेर मेहंदी और मीका सिंह) को अपना मित्र बताया।

घटना का जिक्र कर मुख्यमंत्री ने कहा, "मेरा मानना है कि उस समय मंत्री जी पर जनता का दबाव रहा होगा। मंत्री खुद भी कह चुके हैं कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि दलेर मेहंदी जी की तबीयत ठीक नहीं थी।"

ADVERTISEMENT

विवाद

कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी और मंत्री के बीच विवाद

बता दें कि ये विवाद रविवार रात न्यू टिहरी के नरेंद्र नगर में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान शुरू हुआ।

दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के समय मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मंत्री गायक की स्थिति पर सवाल उठाते और उनसे शराब पीने के बारे में पूछते दिखे, क्योंकि वो ठीक से बोल नहीं पा रहे थे।

इस दौरान 59 वर्षीय गायक दलेर मेहंदी माफी मांगते नजर आए।

ADVERTISEMENT

मांग

मीका की मंत्री से माफी की मांग, मुख्यमंत्री धामी से लगाई गुहार

इस घटना की मनोरंजन जगत के कई लोगों ने निंदा की और कलाकारों के सम्मान की मांग उठाई।

मीका सिंह ने पोस्ट कर कहा कि मंत्री सुबोध उनियाल को उनके भाई से माफी मांगनी चाहिए। मीका ने बताया कि सुनंदा शर्मा के बीमार होने पर दलेर मेहंदी मंच पर गए थे। ऐसे में उन पर शराब पीने का झूठा आरोप लगना बेहद दुखद है।

उन्होंने मुख्यमंत्री धामी से हस्तक्षेप की मांग कर कहा कि कलाकारों को पूरा सम्मान मिलना चाहिए।

ADVERTISEMENT