कॉमेडियन प्रणित मोरे विवाद पर मुख्यमंत्री फडणवीस का कड़ा रुख- संविधान का सम्मान करें, दुरुपयोग नहीं
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कॉमेडियन प्रणित मोरे और 2 अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज हुए पुलिस केस पर आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है। इस पूरे विवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए फडणवीस ने साफ कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर 'सभ्यता की लक्ष्मण रेखा' को पार नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस तरह के मामलों में मर्यादा बनाए रखने की सख्त जरूरत पर जोर दिया है।
बयान
"सभ्यता की सीमा लांघना स्वतंत्रता का उल्लंघन है"
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के वायरल वीडियो से जुड़े हालिया विवादों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि संविधान का सम्मान किया जाना चाहिए, ना कि उसका दुरुपयोग। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जब सभ्यता और शालीनता की सीमा लांघी जाती है तो ये संविधान द्वारा लोगों और समाज को दी गई स्वतंत्रता और गरिमा का उल्लंघन है।
दो टूक
स्टैंडअप कॉमेडी का विरोध नहीं, पर गरिमा सर्वोपरि- फडणवीस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्टैंड-अप कॉमेडी या कॉमेडियनों के खिलाफ नहीं है और वे खुद भी इसे मनोरंजन के रूप में देखते हैं। उन्होंने साफ किया कि इस पर किसी तरह का प्रतिबंध लगाने का सवाल नहीं है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि समाज में रहते हुए एक निश्चित गरिमा बनाए रखना जरूरी है। जब शालीनता की सीमा पार होती है, तो यह दूसरों को प्रभावित करता है और उनकी स्वतंत्रता का उल्लंघन भी हो सकता है।
विवाद
कॉमेडी के नाम पर मर्यादा लांघने का आरोप
फडणवीस की ये टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब महाराष्ट्र पुलिस ने प्रणीत और शो में मौजूद 2 दर्शकों वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा और डॉक्टर सेजल पवार के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। ये मामला एक स्टैंड-अप शो के 'क्राउड-वर्क' सेगमेंट में की गई टिप्पणियों से जुड़ा है। 'क्राउड वर्क' कॉमेडी का वह तरीका है जिसमें कलाकार सीधे दर्शकों से बातचीत कर उसी पर आधारित मजाक तैयार करता है। इसी दौरान की गई टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हुआ है।
मामला
प्रणित और 2 दर्शकों के खिलाफ BNS और IT एक्ट के तहत केस दर्ज
महाराष्ट्र पुलिस के साइबर पुलिस स्टेशन ने स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे और शो में मौजूद 2 दर्शकों डॉक्टर सेजल पवार और हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ BNS और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। ये कार्रवाई तब हुई जब दोनों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें आपत्तिजनक टिप्पणियां सामने आईं। ये दोनों अलग-अलग शो में दर्शक के रूप में शामिल थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।