सेलिना जेटली से भाई ने फेरा मुंह, अभिनेत्री बोलीं- उसके लिए मैंने अपना सबकुछ झोंक दिया
क्या है खबर?
अभिनेत्री सेलिना जेटली के भाई विक्रांत की UAE में गिरफ्तारी का मामला अब कानूनी मोड़ ले चुका है। दिल्ली हाई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान सेलिना ने अपनी भाभी चारुल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने भाई की स्थिति के बारे में जानकारी देने के बजाय उनके सामने दीवार खड़ी कर दी है। अभिनेत्री ने अदालत से गुहार लगाई है कि उन्हें भाई की सुरक्षा और स्वास्थ्य के बारे में सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
सुनवाई
ननद-भाभी की लड़ाई से कोर्ट नाराज
सेलिना के भाई, मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत जेटली पिछले 18 महीनों से UAE में हिरासत में हैं। इस मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट में सेलिना और उनकी भाभी चारुल का विवाद सामने आया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनकर जज पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने नाराजगी जताई और कहा कि भाई की आजादी सबसे अहम है। कोर्ट ने ननद और भाभी को आपसी मतभेद भुलाकर विक्रांत की रिहाई के लिए मिलकर काम करने का निर्देश दिया।
आपसी मतभेद
सेलिना-चारुल की तकरार पहुंची कोर्ट
अभिनेत्री ने कोर्ट को बताया कि उन्हें उनकी भाभी चारुल द्वारा पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें भाई के स्वास्थ्य और कानूनी स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। दूसरी ओर चारुल ने आरोप लगाया कि सेलिना ने उनकी सहमति के बिना इस व्यक्तिगत मामले को 'मीडिया सर्कस' बना दिया है, जिससे उनकी और उनके पति की निजता प्रभावित हुई है।
मतभेद
ननद-भाभी के विवाद में फंसा विदेश मंत्रालय
कोर्ट में मंत्रालय की ओर से पेश हुईं केंद्र सरकार की वकील (CGSC) निधि रमन ने बताया कि विक्रांत संपर्क में हैं, लेकिन उन्होंने अपनी बहन से बात करने से इनकार कर दिया है। वो पत्नी चारुल से बात कर रहे हैं, पर वो पावर ऑफ अटॉर्नी साइन करने को तैयार नहीं। इस पारिवारिक खींचतान के कारण विदेश मंत्रालय बीच में फंस गया है। अब मंत्रालय विक्रांत को वकीलों की सूची देगा ताकि वो अपनी पसंद का वकील चुन सकें।
दर्द
भाई के लिए सब कुछ कुर्बान
दिल्ली हाई कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश हुईं सेलिना बोलीं, "मैंने अपने भाई को बचाने के लिए सब कुछ झोंक दिया, मेरी शादी भी टूट गई। मैं 2025 में कोर्ट इसलिए आई, क्योंकि मेरी भाभी ने मुझे पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया था। मेरा मकसद सिर्फ विक्रांत की मदद करना है।" विदेश मंत्रालय ने कोर्ट को बताया कि विक्रांत जेल से अपनी पत्नी के संपर्क में हैं, लेकिन उन्होंने सेलिना से बात करने तक से मना कर दिया है।
जानकारी
डेढ़ साल से UAE में बंद विक्रांत
बता दें कि मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत जेटली करीब डेढ़ साल से UAE में हिरासत में हैं। उन्हें वापस लाने के लिए सेलिना ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। कोर्ट ने दोनों परिवारों से मिलकर भाई की मदद करने को कहा है।