Page Loader
रणवीर-दीपिका से पहले 'कॉफी विद करण' में चर्चा का विषय बन चुकीं ये मशहूर जोड़ियां
'कॉफी विद करण' में आईं मशहूर जोड़ियां (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@karanjohar)

रणवीर-दीपिका से पहले 'कॉफी विद करण' में चर्चा का विषय बन चुकीं ये मशहूर जोड़ियां

Oct 27, 2023
07:18 pm

क्या है खबर?

करण जौहर अपने चैट शो 'कॉफी विद करण' को लेकर चर्चा में रहते हैं। इस शो का हर सीजन खूब सुर्खियां बटोरता है। शो का 8वां सीजन शुरू हो चुका है। शो में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने हिस्सा लिया। उनकी बातें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। शादी के बाद किसी शो में साथ में यह उनकी पहली उपस्थिति थी। रणवीर-दीपिका से पहले इस शो में कई दूसरी शादीशुदा जोड़ियां भी हिस्सा ले चुकी हैं।

#1

शाहरुख खान-गौरी खान

शाहरुख खान और गौरी खान शो के पहले सीजन में नजर आए थे। उन्होंने इस शो में ऋतिक रोशन और सुजैन खान के साथ हिस्सा लिया था। इसके बाद से प्रशंसक दोबारा शो पर उन्हें साथ देखने का इंतजार कर रहे हैं। जहां शाहरुख शो में कई बार आ चुके हैं, वहीं गौरी पिछले साल करीब 17 साल बाद शो में लौटी थीं। हालांकि, इनको साथ देखने के लिए अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

#2

जावेद अख्तर-शबाना आजमी

जावेद अख्तर और शबाना आजमी सार्वजनिक मंचों पर साथ में कम ही नजर आए हैं। ऐसे में 'कॉफी विद करण' में उन्हें साथ देखना प्रशंसकों के लिए दिलचस्प था। जावेद-शबाना शो के दूसरे सीजन में साथ में आए थे। उन्होंने जिंदगी और मोहब्बत पर करण के साथ खूब बातें की थीं। उन्होंने अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों के बारे में भी बताया था। हालांकि, इसके बाद वे शो में नजर नहीं आए।

#3

अक्षय कुमार-ट्विंकल खन्ना 

अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना का एपिसोड शो के सबसे दिलचस्प एपिसोड्स में शुमार है। यहां दोनों ने एक-दूसरे की खूब खिंचाई की थी। साथ ही दोनों ने अपने रिश्ते के बारे में भी कई खूबसूरत बातें बताई थीं। यह पहली बार था, जब अक्षय और ट्विंकल किसी चैट शो में साथ में पहुंचे थे। अक्षय पिछले साल सामंथा रुथ प्रभु के साथ शो में आए थे और अपनी मजेदार बातों से सबका दिल जीता था।

#4

शाहिद कपूर-मीरा कपूर

शाहिद कपूर शो में पहली बार अपनी पत्नी मीरा कपूर के साथ आए थे। दोनों शो के 5वें सीजन में साथ में पहुंचे थे। यहां दोनों ने अपनी पहली मुलाकात से लेकर अपने अतीत तक की बातें साझा की थीं। काफी समय तक उनका यह एपिसोड चर्चा का विषय बना रहा था। प्रशंसकों के लिए उनकी केमिस्ट्री देखना काफी दिलचस्प था। इसके बाद 'कॉफी विद करण 7' में शाहिद 'कबीर सिंह' में अपनी जोड़ीदार कियारा आडवाणी के साथ पहुंचे थे।

#5

 काजोल-अजय देवगन 

2004 में जब शो शुरु हुआ था तो शाहरुख और काजोल शो के पहले मेहमान बने थे। शो के 6वें सीजन में भी काजोल ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस बार वह अपने पति अजय देवगन के साथ आई थीं। काजोल और अजय की खट्टी-मीठी बातों ने सबका खूब मनोरंजन किया था। अक्सर शांत रहने वाले अजय का यहां नया अवतार देखने को मिला था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

करण का यह शो शुरुआत से ही चर्चा में रहा है। शो में आने वाले सितारों के बयानों पर खूब विवाद भी हो चुके हैं। कंगना रनौत, इमरान हाशमी, हार्दिक पांड्या-केएल राहुल जैसे सितारे अपने विवादित बयानों के कारण खूब चर्चा में रहे हैं।