Page Loader
'ब्रह्मास्त्र' बनी साल की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म
'ब्रह्मास्त्र' बनी साल की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म

'ब्रह्मास्त्र' बनी साल की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म

Sep 18, 2022
07:08 pm

क्या है खबर?

बॉक्स ऑफिस पर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की 'ब्रह्मास्त्र' की सफलता का सिलसिला जारी है। फिल्म 9 सितंबर को रूपहले पर्दे पर आई थी। अब भी फिल्म को लेकर दर्शकों में क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म ने पहले ही कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। अब फिल्म के साथ एक और कीर्तिमान जुड़ चुका है। 'ब्रह्मास्त्र' इस साल की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है।

रिपोर्ट

'भूल भुलैया 2' को पछाड़ते हुए 'ब्रह्मास्त्र' ने हासिल की उपलब्धि

बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, 'भूल भुलैया 2' को पछाड़ते हुए 'ब्रह्मास्त्र' इस साल की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म का तमगा हासिल कर चुकी है। 'ब्रह्मास्त्र' ने दुनियाभर 304.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 192.50 करोड़ रुपये बटोर लिए हैं। 'भूल भुलैया 2' की बात करें तो इसने दुनियाभर में 266.88 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। भारत में इसका कलेक्शन 185.92 करोड़ रुपये तक पहुंचा था।

अन्य फिल्में

साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म है 'द कश्मीर फाइल्स'

साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' है। फिल्म ने भारत में 252.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। दुनियाभर में इसकी कमाई 340.92 करोड़ रुपये रही थी। विवेक रंजन अग्निहोत्री ने इसका निर्देशन किया था। कम बजट में बनी इस फिल्म ने दर्शकों को आकर्षित किया था। आलिया की 'गंगूबाई काठियावाड़ी' साल की चौथी सबसे अधिक कमाने वाली फिल्म है। 'जुग जुग जियो' इस सूची में पांचवें स्थान पर है।

रिकॉर्ड

'ब्रह्मास्त्र' ने ये रिकॉर्ड भी किए अपने नाम

'ब्रह्मास्त्र' ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर टॉप करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बनी। इससे पहले 'RRR' और तमिल फिल्म 'मास्टर' ने यह उपलब्धि हासिल की थी। 'ब्रह्मास्त्र' ने ओपनिंग वीकेंड में दुनियाभर में 225 करोड़ रुपये कमाए। ओपनिंग वीकेंड में रणबीर के करियर की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड 'ब्रह्मास्त्र' ने तोड़ दिया। फिल्म ने अपने पहले वीकेंड में भारत में 125 करोड़ रुपये कमाए। इससे पहले उनकी 'संजू' ने ओपनिंग वीकेंड में 120.05 करोड़ रुपये जोड़े थे।

कलाकार

फिल्म में नजर आए ये कलाकार

'ब्रह्मास्त्र' को करीब 400 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। फिल्म VFX की वजह से लोगों को पसंद आई। अयान मुखर्जी ने इसका निर्देशन किया है। उन्होंने इसमें 'अस्त्रावर्स' की नई दुनिया दिखाई है। फिल्म में अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय और नागार्जुन भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। अभिनेता शाहरुख खान फिल्म में कैमियो करते नजर आए हैं। फिल्म के जरिए रणबीर और आलिया की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे दिखी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

'ब्रह्मास्त्र' सीरीज की तीन फिल्में सिनेमाघरों में आएंगी। अयान ने पौराणिकता के आधार पर इस यूनिवर्स का निर्माण किया है। 'ब्रह्मास्त्र' के आखिर में इसकी अगली फिल्म 'ब्रह्मास्त्र 2: देव' की घोषणा की गई है।