Page Loader
'भूल भुलैया 2' की सफलता के बाद टीम को यूरोप घुमाने ले जा रहे कार्तिक आर्यन
सफलता से गदगद हैं कार्तिक आर्यन

'भूल भुलैया 2' की सफलता के बाद टीम को यूरोप घुमाने ले जा रहे कार्तिक आर्यन

Jul 05, 2022
03:36 pm

क्या है खबर?

कार्तिक आर्यन बीते कुछ सालों में नई पीढ़ी के चहेते अभिनेता बनकर उभरे हैं। उनकी पिछली कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है। खासकर, उनकी पिछली फिल्म 'भूल भुलैया 2' तो महामारी के बाद बॉलीवुड के लिए कमबैक साबित हुई। 'भूल भुलैया 2' की सफलता से गदगद कार्तिक आर्यन ने अपनी टीम को एक खास तोहफा दिया है। रिपोर्ट्स की मानें तो कार्तिक अपनी टीम को यूरोप में छुट्टियां मनाने ले जा रहे हैं।

आभार

सालों से कार्तिक से जुड़ी है यह टीम

बॉलीवुड हंगामा की खबर के मुताबिक 'भूल भुलैया 2' की सफलता के बाद कार्तिक अपनी टीम को एक हफ्ते के लिए यूरोप ले जा रहे हैं। उनकी इस ट्रिप पर उनके मैनेजर, स्टाइलिस्ट, स्पॉटबॉय और उनके सुरक्षाकर्मी उनके साथ जाएंगे। ये सभी लोग कार्तिक के साथ सालों से जुड़े हुए हैं। अपनी सफलता में कार्तिक उनका भी श्रेय मानते हैं और आभार के तौर पर उनके लिए यह ट्रिप प्लान किया है।

फिल्म

'भूल भुलैया 2' ने की बंपर कमाई

'भूल भुलैया 2' 20 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। करीब पांच हफ्ते फिल्म सिनेमाघरों में टिकी रही। रिलीज के दूसरे हफ्ते ही इस फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। पांच हफ्तों में इस फिल्म ने करीब 180 करोड़ रुपये की कमाई की। हाल ही में फिल्म नेटफ्लिक्स पर भी रिलीज कर दी गई है। कार्तिक के साथ इस फिल्म में कियारा आडवाणी और तब्बू ने काम किया है।

लोकप्रियता

ऑफस्क्रीन भी लोकप्रिय हैं कार्तिक

कार्तिक अपनी ऑनस्क्रीन परफॉर्मेंस के साथ ही ऑफस्क्रीन पर्सनैलिटी की वजह से भी लोकप्रिय हैं। उनकी फिल्मों के जितना ही उनके इंटरव्यू और पपराजियों के प्रति उनके अंदाज को पसंद किया जाता है। कार्तिक अपनी पहली फिल्म 'प्यार का पंचनामा' से ही छा गए थे। यह फिल्म 2011 में आई थी। इसके बाद उन्होंने 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'लुका छुपी' जैसी फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन किया। इन फिल्मों में उनके अंदाज को काफी पसंद किया गया।

आगामी फिल्में

इन फिल्मों में नजर आएंगे कार्तिक

कार्तिक की अगली फिल्म 'शहजादा' सितंबर में रिलीज होगी। इस फिल्म में कार्तिक के साथ कृति सेनन नजर आएंगी। कार्तिक ने हंसल मेहता की फिल्म 'कैप्टन इंडिया' साइन की है। फिलहाल इस फिल्म की रिलीज के बारे में कोई अपडेट नहीं आया है। इनके अलावा कार्तिक, कियारा आडवाणी के साथ 'सत्यनारायण की कथा' में नजर आएंगे। यह फिल्म नवंबर 2022 में रिलीज हो सकती है। फिल्म में कियारा के किरदार का नाम 'कथा' है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

कार्तिक आर्यन की पिछली पांच फिल्मों में केवल 'लव आज कल' एक ऐसी फिल्म है जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। यह फिल्म 2020 में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन इम्तियाज अली ने किया था।