बॉक्स ऑफिस पर 'चांद मेरा दिल' की कमाई में मामूली उछाल, जानिए बाकी फिल्मों का हाल
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर इस वीकेंड जबरदस्त घमासान देखने को मिल रहा है। रोमांटिक ड्रामा 'चांद मेरा दिल' से लेकर मोहनलाल की 'दृश्यम 3' तक कई फिल्में सिनेमाघरों में आमने-सामने हैं। आयुष्मान खुराना की फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' भी डटी हुई है और वीकेंड में इसकी कमाई में ठीक-ठाक इजाफा हुआ हे। आइए जानते हैं कि शनिवार के दिन बॉक्स ऑफिस की इस रेस में किसने मारी बाजी और किसका रहा बुरा हाल।
चांद मेरा दिल
वीकेंड पर भी नहीं चमकी 'चांद मेरा दिल'
लक्ष्य लालवानी और अनन्या पांडे की 'चांद मेरा दिल' ने अपनी रिलीज के पहले दिन 3 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत की थी, जिसके बाद निर्माताओं को शनिवार से काफी आस थी। हालांकि, शनिवार की छुट्टी होने के बावजूद फिल्म के कारोबार में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिला है। दूसरे दिन फिल्म ने मामूली बढ़त के साथ 3.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे इसकी 2 दिनों का कुल कमाई करीब 6.65 करोड़ रुपये ही पहुंच पाई है।
दृश्यम 3
'दृश्यम 3' का बॉक्स ऑफिस पर धमाका
साउथ के सुपरस्टार मोहनलाले की सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 3' बढ़िया कमाई कर रही है। 21 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को शनिवार की छुट्टी का पूरा फायदा मिला है। फिल्म ने पहले दिन 15.85 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद शुक्रवार को इसने 11.05 करोड़ रुपये बटोरे, वहीं तीसरे दिन यानी शनिवार को इसने 13.7 करोड़ रुपये की बंपर कमाई कर डाली। महज 3 दिनों में फिल्म का कुल कारोबार 40.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
कमाई
'पति पत्नी और वो दो' ने पकड़ी रफ्तार
आयुष्मान खुराना की 3 हीरोइनों वाली कॉमेडी फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' का दूसरे हफ्ते के पहले दिन यानी शुक्रवार को इसका कारोबार गिरकर सिर्फ 1.35 करोड़ रुपये रह गया था, लेकिन शनिवार की छुट्टी का फिल्म को फायदा मिला। रिलीज के नौवें दिन (शनिवार) ने 2.77 करोड़ रुपये कमाए। इसी के साथ फिल्म का कुल कारोबार अब 33.12 करोड़ रुपये हो गया है। सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी इसमें मुख्य भूमिका में हैं।
ूमक
बॉक्स ऑफिस पर छाया सूर्या की 'करुप्पु' का जादू
दूसरी ओर साउथ स्टार सूर्या की फिल्म 'करुप्पु' बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही है और हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है। शुक्रवार को 7.80 करोड़ रुपये बटोरने के बाद फिल्म को शनिवार की छुट्टी का जबरदस्त फायदा मिला। शनिवार को इसके कलेक्शन में भारी उछाल आया और फिल्म ने 12.20 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर डाली। इस बंपर छलांग के साथ ही फिल्म का कुल कारोबार अब 133.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।