'राजा शिवाजी' का ताबड़तोड़ कलेक्शन जारी, 50 करोड़ के करीब पहुंचे रितेश देशमुख
क्या है खबर?
रितेश देशमुख द्वारा अभिनीत और निर्देशित ऐतिहासिक फिल्म 'राजा शिवाजी' कारोबारी दिनों में बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना चुकी है। इसने 1 मई को सिनेमाघरों का रुख किया था और इसे हिंदी के साथ-साथ मराठी भाषा में रिलीज किया गया है। दोनों ही भाषाओं में फिल्म हर दिन धाकड़ कमाई कर रही है और 50 करोड़ के क्लब में शामिल होने से कुछ दूर है। दूसरी ओर इसके साथ रिलीज हुई फिल्म 'एक दिन' का बुरा हाल है।
कलेक्शन
'राजा शिवाजी' का बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन जारी
सैकनिल्क के मुताबिक, रितेश अभिनीत 'राजा शिवाजी' ने 5वें दिन 4.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसमें हिंदी संस्करण से 1.55 करोड़ और मराठी संस्करण से 3.35 करोड़ रुपये शामिल है। इस कमाई के साथ फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 5 दिनों में कुल 44.40 करोड़ रुपये कमा चुकी है। अब इसका लक्ष्य 50 करोड़ के क्लब में अपनी जगह बनाना है। इस पीरियड ड्रामा में जेनेलिया डिसूजा, संजय दत्त, विद्या बालन, अभिषेक बच्चन और भाग्यश्री जैसे सितारे हैं।
अन्य फिल्में
'एक दिन' और 'भूत बंगला' की ताजा कमाई
साई पल्लवी और जुनैद खान की फिल्म 'एक दिन' भी 1 मई को रिलीज हुई थी, लेकिन पहले हफ्ते में कमाई बेहाल होकर लाखों रुपये में सिमट गई है। फिल्म ने 5वें दिन कुल 28 लाख रुपये कमाए हैं। अब तक यह बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 3.51 करोड़ रुपये बटोर पाई है। वहीं 17 अप्रैल को रिलीज अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' ने 19वें दिन 2.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसका कुल कलेक्शन 1,46.50 करोड़ रुपये हो गया है।