बॉक्स ऑफिस: 'बॉर्डर 2' का दबदबा 12वें दिन बरकरार, 'मर्दानी 3' का ऐसा हाल
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की फिल्म 'बॉर्डर 2' और रानी मुखर्जी की हालिया रिलीज फिल्म 'मर्दानी 3' के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिल रही है। वीकेंड पर बंपर कमाई करने वाली सनी की फिल्म को कारोबारी दिनों में गिरावट का सामना करना पड़ा है, लेकिन फिर भी इसने अपना दबदबा कायम रखा। दूसरी ओर, 'मर्दानी 3' भी घुटने टेकने को तैयार नहीं है, और अपनी पकड़ काे बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही है।
कमाई
'बॉर्डर 2' के लिए ऐसा रहा 12वां दिन, देखिए कमाई
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, 'बॉर्डर 2' ने दूसरे मंगलवार को 12वें दिन 5.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। यह आंकड़ा 11वें दिन के बराबर है क्योंकि इस दिन भी फिल्म ने 5.75 करोड़ कमाए थे। अपनी कमाई को बरकरार रखते हुए 'बॉर्डर 2' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 286.75 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। TOI के मुताबिक, दुनियाभर से सनी और वरुण धवन की फिल्म ने 12 दिनों में 392.5 करोड़ रुपये बटोर लिए हैं।
फिल्म
'मर्दानी 3' को मिली बढ़त, लेकिन कुल कमाई निराशाजनक
उधर 'मर्दानी 3' को रिलीज के पहले दिन से लगातार संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, इसने 5वें दिन 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जो चौथे दिन (2.25 करोड़) के मुकाबले ज्यादा हैं। हालांकि, 5 दिन पूरे करने के बाद भी फिल्म की कुल कमाई 22.25 करोड़ रुपये हो सकी है। इससे साफ है कि रानी की पुलिस-ड्रामा पर आधारित यह फिल्म जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है।