'बॉर्डर 2' ने कर दिखाया कमाल, तोड़ डाला इन ब्लॉकबस्टर फिल्मों का रिकॉर्ड
क्या है खबर?
भारत-पाकिस्तान के युद्ध पर आधारित फिल्म 'बॉर्डर 2' की दहाड़ रिलीज के 10 दिन बाद भी कम नहीं हुई है। सनी देओल और वरुण धवन की फिल्म ने वीकेंड पर ताबड़तोड़ कमाई करते हुए नई उपलब्धियां दर्ज कर ली हैं। साथ ही अन्य ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को तोड़ दिया है। फिल्म की अपार सफलता को देखकर साफ है कि यह लंबी रेस का घोड़ा है जो अभी रुकने वाला नहीं। आइए जानते हैं 'बॉर्डर 2' का ताजा कलेक्शन।
कलेक्शन
'बॉर्डर 2' ने 10वें दिन किया बंपर कलेक्शन, 300 करोड़ अगला लक्ष्य
पहले हफ्ते में अच्छी शुरुआत करने के बाद, 'बॉर्डर 2' ने वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस पर शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, इसने दूसरे रविवार, यानी 10वें दिन 22.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं 9वें दिन (शनिवार) की कमाई 17.75 करोड़ रुपये रही। इस तरह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल कलेक्शन 275.25 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म का अगला लक्ष्य 300 करोड़ के क्लब में अपनी मौजूदगी दर्ज कराना है।
मात
'बॉर्डर 2' ने ब्लॉकबस्टर फिल्मों को मात दी
'बॉर्डर 2' का प्रदर्शन वैश्विक स्तर पर भी शानदार दिखाई दे रहा है। कारोबारी दिनों में थोड़ी गिरावट दिखी थी, लेकिन वीकेंड पर फिर इसने रफ्तार पकड़ ली है। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, 10 दिनों में इसने वैश्विक स्तर पर कुल 377 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इस कमाई के साथ फिल्म ने 'आदिपुरुष' (लगभग 355 करोड़), 'फाइटर' (लगभग 354 करोड़) और 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' (लगभग 343 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।