बॉम्बे हाई कोर्ट ने खारिज की जिया खान मामले की दोबारा जांच की मांग वाली याचिका
क्या है खबर?
सोमवार को बॉम्बे हाई कोर्ट ने जिया खान की मां राबिया की याचिका खारिज कर दी जिसमें उन्होंने मामले की दोबारा जांच करने की मांग की थी।
25 वर्षीय अभिनेत्री जिया खान ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि उनकी मां राबिया शुरू से ही उनकी हत्या होने का दावा कर रही हैं। उन्होंने जिया के बॉयफ्रेंड सूरज पंचोली पर हत्या का आरोप लगाया है।
फिलहाल मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) कर रही है।
याचिका
नए सिरे से जांच की मांग कर रही थीं जिया की मां
राबिया ने हाई कोर्ट में दायर की गई याचिका में अपील की थी कि मामले की जांच अमेरीका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन (FBI) की मदद से एक स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए।
जस्टिस एएस गडकरी और एमएन जाधव की डिविजन बेंच ने इस याचिका को यह कहकर खारिज कर दिया कि उन्हें CBI की जांच पर भरोसा है।
कोर्ट ने कहा कि इस तरह की याचिकाओं से राबिया अपना केस कमजोर कर रही हैं।
दलील
क्या कहा दोनों पक्ष के वकीलों ने?
ई टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार राबिया के वकीलों ने कोर्ट में दलील दी कि पहले मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही थी। मुंबई पुलिस की जांच में कुछ खामियां पाई गई थीं जिसके कारण मामले को CBI को सौंप दिया गया। CBI ने भी अपनी जांच में वही गलतियां दोहराई हैं।
वहीं आरोपी पक्ष के वकील ने कहा कि एजेंसी ने निष्पक्ष तरीके से जांच की है।
इस मामले में कोर्ट का विस्तृत आदेश आना अभी बाकी है।
जानकारी
कौन थीं जिया?
जिया बॉलीवुड की युवा अभिनेत्री थीं। जिया ने आमिर की फिल्म 'गजनी' से अपनी खास पहचान बनाई थी। उन्हें साजिद खान की फिल्म 'हाउसफुल' में देखा गया था। फिल्म 'निशब्द' में वह अमिताभ बच्चन के ऑपोजिट नजर आई थीं।
घटना
अपने घर में मृत पाई गई थीं जिया
बॉलीवुड अभिनेत्री जिया 3 जून, 2013 को अपने जुहू स्थित अपार्टमेंट में मृत पाई गई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिया ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी।
जिया की मौत को लेकर काफी विवाद हुआ था। इस मामले में कहा गया था कि जिया के बॉयफ्रेंड और अभिनेता सूरज पंचोली ने उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया था।
जिया की मां राबिया ने इसे हत्या बताते हुए कहा था कि जिया कभी अपनी जान ले ही नहीं सकती।
जांच
मुंबई पुलिस से CBI को मिली थी जांच
इस मामले की सुनवाई मुंबई सेशन कोर्ट में चल रही थी। बीते साल जुलाई में पंचोली के खिलाफ चल रहे मुकदमे को CBI की विशेष अदालत में स्थानांतरित किया गया था।
इस केस की सुनवाई मार्च, 2019 में शुरू हुई थी। दिसंबर 2019 में CBI ने सेशन कोर्ट को केस स्थानांतरित करने के लिए एक आवेदन दिया था।
पंचोली को मामले में 10 जून, 2013 को गिरफ्तार किया गया था। जुलाई में उन्हें जमानत मिल गई थी।