LOADING...
कपिल शर्मा की 'ज्विगाटो' बनी ऑस्कर की लाइब्रेरी का हिस्सा, ये बॉलीवुड फिल्में भी हैं शामिल
'ज्विगाटो' से पहले ऑस्कर की लाइब्रेरी में शामिल हुईं फिल्में

कपिल शर्मा की 'ज्विगाटो' बनी ऑस्कर की लाइब्रेरी का हिस्सा, ये बॉलीवुड फिल्में भी हैं शामिल

लेखन मेघा
Jul 11, 2023
09:44 pm

क्या है खबर?

कपिल शर्मा की फिल्म 'ज्विगाटो' बॉक्स ऑफिस पर तो कुछ खास कमाल नहीं कर पाई, लेकिन इसकी कहानी की खूब सराहना हुई थी। नंदिता दास की यह फिल्म ओडिशा के एक दंपत्ति के बेरोजगारी के दर्द और आर्थिक संघर्ष की कहानी को बयां करती है। अब फिल्म की पटकथा एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज की लाइब्रेरी का हिस्सा बन गई है। आइए जानते हैं ऐसी ही बॉलीवुड फिल्मों के बारे में जो ऑस्कर की लाइब्रेरी में शामिल हैं।

#1

'देवदास'

संजय लीला भंसाली की 'देवदास' शरतचंद्र चट्टोपाध्याय के 1917 के इसी नाम के प्रतिष्ठित उपन्यास पर आधारित थी। इसकी कहानी देवदास और पारो की है, जो एक-दूसरे से प्यार करने के बाद भी साथ नहीं हो पाते। फिल्म में शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिका में थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई थी तो इसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था। साथ ही यह ऑस्कर की लाइब्रेरी में भी जगह बनाने में सफल रही।

#2

'गुजारिश'

2010 में आई 'गुजारिश' भी भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म है, जिसमें ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म में ऋतिक जादूगर की भूमिका में थे, जिनका एक जादू गलत पड़ जाता है और फिर वह कभी उठ नहीं पाते, वहीं ऐश्वर्या उनकी देखभाल करती हैं। इच्छामृत्यु जैसे संवेदनशील मुद्दे पर बात करती यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हुई थी। हालांकि, फिल्म ऑस्कर की लाइब्रेरी में अपनी जगह पक्की करने में सफल रही थी।

#3

'रॉक ऑन'

'रॉक ऑन' एक भारतीय रॉक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्माण फरहान अख्तर ने किया था। फिल्म को 2008 में रोलिंग स्टोन इंडिया के कवर पर भी प्रदर्शित किया गया था। इस फिल्म की कहानी 4 दोस्तों की है, जो साथ में एक रॉक बैंड बनाते हैं, लेकिन आगे चलकर बैंड टूट जाता है। इस फिल्म की स्क्रिप्ट को ऑस्कर लाइब्रेरी में अभिनेताओं, छात्रों, फिल्म निर्माताओं और लेखकों के शोध के लिए रखा गया है।

#4

'चक दे इंडिया'

2007 में रिलीज हुई 'चक दे ​​इंडिया' एक भारतीय स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी भारतीय लड़कियों की हॉकी टीम पर आधारित है। इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और इसे बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी सफलता थी। फिल्म में शाहरुख ने पूर्व हॉकी स्टार कबीर खान का किरदार निभाया है, जिस पर अपने देश के साथ गद्दारी करने का आरोप है। बाद में कबीर महिला हॉकी टीम का कोच बनकर उन्हें जीत दिलाता है।

#5

'राजनीति'

'राजनीति' प्रकाश झा द्वारा निर्मित एक राजनीतिक थ्रिलर फिल्म है। यह फिल्म 2010 में रिलीज हुई थी और बॉक्स-ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रही थी। फिल्म में रणबीर कपूर, अर्जुन रामपाल, कैटरीना कैफ, अजय देवगन, मनोज बाजपेयी, नाना पाटेकर और नसीरुद्दीन शाह जैसे बेहतरीन कलाकार शामिल थे। फिल्म में झा ने बेहद शानदार तरीके से राजनीति के हर पहलू को दिखाया था। ऐसे में इस फिल्म की पटकथा को ऑस्कर की लाइब्रेरी में रखने के लिए चुना गया।