बॉलीवुड सितारों ने NEET गड़बड़ियों पर छात्र प्रदर्शन का किया समर्थन, जानिए क्या बोले?
दिल्ली के जंतर मंतर पर बॉलीवुड के कई सितारे छात्रों के साथ खड़े दिखाई दिए। यहां 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
लोगों ने शिक्षा में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। जब प्रदर्शनकारी संसद की तरफ बढ़ने लगे, तब पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हालांकि, बाद में CJP के एक समूह ने स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा से मुलाकात कर अपनी शिकायतें रखीं।
हस्तियों ने बल प्रयोग के खिलाफ उठाई आवाज
सोनू सूद, वीर दास, दिया मिर्जा और अदिती राव हैदरी जैसे कई सितारों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पुलिस बल के इस्तेमाल का जमकर विरोध किया।
सोनू ने कहा कि छात्रों को 'लाठियों' की नहीं, बल्कि उन हाथों की जरुरत है, जो उन्हें गले लगाए। वहीं, अदिती ने सम्मानजनक बातचीत की मांग की। अभिनेता प्रकाश राज तो खुद जंतर मंतर पहुंचे और एकजुटता दिखाते हुए संविधान की प्रति थाम ली।
प्रदर्शनकारी, कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई चाहते हैं। इसके साथ ही वे उन NEET अभ्यर्थियों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं, जिन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस की कड़ी बैरिकेडिंग के बावजूद भी प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।