Page Loader
रणबीर कपूर-दीपिका पादुकोण ही नहीं, ब्रेकअप के बाद ये सितारे भी पर्दे पर नजर आए साथ
ब्रेकअप के बाद पर्दे पर दिखी इन सितारों की जोड़ी (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@ranbirdeepikaforlife)

रणबीर कपूर-दीपिका पादुकोण ही नहीं, ब्रेकअप के बाद ये सितारे भी पर्दे पर नजर आए साथ

लेखन मेघा
Mar 31, 2024
01:43 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड में रिश्ते बनने और बिगड़ने में देर नहीं लगती। कुछ सितारों का प्यार शादी के मुकाम तक पहुंचता है तो कुछ की मोहब्बत शादी तक पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देती है। हालांकि, इससे परे आज हम आपको उन सितारों के बारे में बताएंगे, जिन्होंने ब्रेकअप के बाद भी साथ काम किया और उनकी केमिस्ट्री को खूब पसंद भी किया गया। एक नजर उन्हीं चर्चित जोड़ियों पर, जिन्हें अलग होने के बाद पर्दे पर साथ देखा गया।

#1

रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण 

रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण के बीच का रिश्ता किसी से छुपा नहीं है। दोनों ने काफी समय तक एक-दूसरे को डेट किया था तो फिर वे अलग हो गए। हालांकि, दोनों 2013 में फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' के साथ आए, जिसमें बनी और नैना के किरदार में उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने भी काफी पसंद किया। इसके बाद दोनों 2015 में एक बार फिर फिल्म 'तमाशा' में साथ नजर आए और अब एक-दूसरे के काफी अच्छे दोस्त हैं।

#2

कैटरीना कैफ और रणबीर कपूर

दीपिका के बाद रणबीर, कैटरीना कैफ के साथ रिश्ते में थे। इन दोनों ने पहली बार फिल्म 'अजब प्रेम की गजब कहानी' में साथ काम किया था और तभी से इनकी जोड़ी को दर्शक पसंद करते थे। दोनों ने अपने ब्रेकअप के बाद 2017 में फिल्म 'जग्गा जासूस' में काम किया था। फिल्म में दोनों सितारे तो साथ में अच्छे लगे थे, लेकिन यह दर्शकों को कुछ खास पसंद नहीं आई थी। कैटरीना और रणबीर भी अच्छे दोस्त हैं।

#3

आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर

यूं तो अब आदित्य रॉय कपूर की अनन्या पांडे के साथ डेटिंग की खबरें सामने आती रहती हैं, लेकिन प्रशंसक श्रद्धा कपूर के साथ उनकी जोड़ी को आज भी पसंद करते हैं। दोनों 'आशिकी 2' में साथ नजर आए थे और एक-दूसरे को डेट करने लगे थे, लेकिन फिल्म की रिलीज के कुछ समय बाद दोनों अलग हो गए। हालांकि, ब्रेकअप के बाद उन्होंने फिल्म 'ओके जानू' में काम किया था, जिसमें एक बार फिर उनकी जोड़ी शानदार लगी थी।

#4

रणवीर सिंह और अनुष्का शर्मा 

2010 में फिल्म 'बैंड बाजा बारात' में साथ काम करने के बाद रणवीर सिंह और अनुष्का शर्मा के अफेयर की खबरों ने जोर पकड़ लिया था। हालांकि, दोनों सितारों ने कभी अपने रिश्ते को लेकर हामी नहीं भरी थी और कुछ समय बाद ही उनके अलग होने की बात भी सामने आ गई। इसके बाद दोनों ने 2015 में फिल्म 'दिल धड़कने दो' में काम किया, जिसमें भी उनकी जोड़ी को काफी प्यार मिला था।

#5

शाहिद कपूर और करीना कपूर 

2004 में शाहिद कपूर और करीना कपूर फिल्म 'फिदा' के दौरान एक-दूसरे को दिल दे बैठे थे। दोनों 2007 में इम्तियाज अली की फिल्म 'जब वी मेट' से पहले तक साथ थे और इसे फिल्माने के दौरान अलग हो गए। हालांकि, दोनों की निजी जिंदगी का असर उनकी पर्दे पर नजर आई शानदार केमिस्ट्री में नहीं दिखा। इसके बाद दोनों 'उड़ता पंजाब' में नजर आए, जिसमें उनके साथ में सीन नहीं थे पर दोनों प्रमोशन के दौरान साथ दिखे थे।