अनुष्का-विराट बने दूसरे बच्चे के माता-पिता, इन सितारों के घर भी जल्द आएगा नन्हा मेहमान
बॉलीवुड सितारों के लिए 2024 खास होने वाला है। जहां इस साल बड़े-बड़े स्टार्स की एक के बाद एक कई फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं, वहीं दूसरी ओर कई सितारे माता-पिता बनने वाले हैं। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली भी दूसरे बच्चे के माता-पिता बन गए हैं। अभिनेत्री ने बेटे को जन्म दिया है। इस साल की शुरुआत में ही कई सितारों ने प्रेग्नेंसी का ऐलान किया है। चलिए जानते हैं किन सितारों के घर इस साल गूंजेगी किलकारी।
वरुण धवन-नताशा दलाल
वरुण धवन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'बेबी जॉन' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। हालांकि, इस बीच अभिनेता ने अपने प्रशंसकों के साथ एक खुशखबरी साझा की है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी नताशा दलाल के साथ एक प्यार सी तस्वीर साझा कर जानकारी दी कि वह पिता बनने जा रहे हैं। तस्वीर में वरुण पत्नी के बेबी बंप को चूमते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'हम प्रेगनेंट हैं। बस आपका आशीर्वाद और प्यार चाहिए।'
अली फजल-ऋचा चड्ढा
ऋचा चड्ढा और अली फजल ने हाल ही में घोषणा की थी कि वे जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। दोनों ने एक पोस्ट साझा करते हुए अपने प्रशंसकों को जीवन की इस सबसे बड़ी खुशी में शामिल किया। उन्होंने अपनी तस्वीर के साथ ही एक और तस्वीर साझा की थी, जिसमें '1+1=3' लिखा हुआ था। उन्होंने लिखा, 'छोटी सी दिल की धड़कन हमारी दुनिया में सबसे तेज आवाज है।' बता दें, जोड़ी शादी के 3 साल बाद माता-पिता बनेगी।
यामी गौतम-आदित्य धर
अपनी आगामी फिल्म 'आर्टिकल 370' के प्रचार-प्रसार में व्यस्त अभिनेत्री यामी गौतम ने प्रशंसकों के साथ अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी एक बड़ी खबर साझा की। यामी और आदित्य धर शादी के 3 साल बाद माता-पिता बनने वाले हैं। अभिनेत्री साढ़े पांच महीने से गर्भवती है। अपने पति के साथ 'आर्टिकल 370' का प्रचार करने पहुंचीं यामी के चेहरे पर प्रेग्नेंसी ग्लो साफ नजर आ रहा है। दोनों जीवन में इस खुशी का स्वागत करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
इन सितारों के माता-पिता बनने की भी अटकलें
मीडिया में पिछले काफी समय से अटकलें लगाई जा रही थीं कि अनुष्का और विराट दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। अब दोनों ने आधिकारिक कर दिया है कि अभिनेत्री ने 15 फरवरी को एक बेटे को जन्म दिया है। इसके साथ ही ताजा रिपोर्ट के अनुसार रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण भी अपने पहले बच्चे का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। अगर खबर में सच्चाई होगी तो अभिनेत्री शादी के 5 साल बाद मां बनेंगी।