बॉबी देओल की फिल्म 'बंदर' का पोस्टर जारी, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
क्या है खबर?
पिछले कुछ साल से अभिनेता बॉबी देओल के दोनों हाथों में लड्डू हैं। 'हरी हारा वीरा मल्लू' और 'कंगुआ' जैसी साउथ की कई फिल्मों में उन्होंने दमदार विलेन बनकर फैंस का दिल जीता। दूसरी ओर, उनकी हिंदी फिल्म 'बंदर' लंबे समय से चर्चा में है, जिसपर आखिरकार ताजा जानकारी आ गई है। अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित फिल्म का पहला पोस्टर जारी हो गया है। साथ में रिलीज की तारीख बताई गई है।
पोस्टर
सलाखों के पीछे दिखाई दिए बॉबी देओल
निर्माताओं द्वारा जारी 'बंदर' के पोस्टर को लाल और हरे रंग के विभाजन के साथ दर्शाया गया है। धूप का चश्मा पहनकर बॉबी सलाखों के पीछे खड़े होकर किसी को घूर रहे हैं। उनका इंटेंस लुक आकर्षित करता है। फिल्म का निर्माण निखिल द्विवेदी ने किया है और इसे जी स्टूडियोज का समर्थन मिला है। कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने मिलकर लिखी है, जिन्हें 'पाताल लोक', 'उड़ता पंजाब' और 'कोहरा' के लेखकों के तौर पर जाना जाता है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
Bobby Deol and Anurag Kashyap's highly anticipated #Bandar to release on 22nd May 26 pic.twitter.com/kNEMqZw02E
— Deva Ki Adaalat (@SunnyDeolFanHu) February 20, 2026
रिलीज
जानिए कब रिलीज होगी फिल्म 'बंदर'
फिल्म 'बंदर' का पोस्टर जारी करते हुए इसकी रिलीज तारीख का खुलासा भी किया गया है। यह फिल्म 22 मई, 2026 को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाने के लिए उतरेगी। इसके कलाकारों की टोली में सान्या मल्होत्रा, इंद्रजीत सुकुमारन, राज बी शेट्टी, जितेंद्र जोशी, नागेश भोसले, सपना पब्बी और रिद्धि सेन सवार हैं। बता दें कि 50वें टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, 2025 में विशेष प्रस्तुति श्रेणी में 'बंदर' का प्रीमियर किया गया था।