'धुरंधर 2' निर्देशक का प्रोडक्शन हाउस ब्लैकलिस्ट नहीं,'कारण बताओ' नोटिस जारी
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' 19 मार्च को रिलीज हो रही है। पिछले दिनों खबर आई कि निर्देशक आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस, B62 स्टूडियोज को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। कारण शूटिंग के दौरान बिना अनुमति पुरानी इमारत की छत पर 2 जनरेटर वैन और गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करना बताया गया था। अब ताजा अपडेट है कि प्रोडक्शन हाउस अभी ब्लैकलिस्ट नहीं हुआ है, जबकि टीम को 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया गया।
नोटिस
प्रोडक्शन हाउस समेत 2 अन्य के खिलाफ नोटिस जारी
बॉम्बे टाइम्स संग बातचीत में BMC नगर आयुक्त भूषण गगरानी ने बताया कि मामला वार्ड स्तर का है, इसलिए निर्देशक आदित्य और निर्माता लोकेश धर के प्रोडक्शन हाउस समेत, कोमल पोखरियाल और नासिर खान नाम के 2 व्यक्तियों को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि बिना सुनवाई प्रोडक्शन हाउस को ब्लैकलिस्ट नहीं कर सकते हैं। मुंबई में मनोरंजन उद्दोग के फलने-फूलने से BMC खुश है, लेकिन नागरिक की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं।
लापरवाही
सेट पर शूटिंग के दौरान बरती गई थी लापरवाही
BMC सूत्रों के मुताबिक, 'धुरंधर 2' की टीम को बार-बार चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन किया गया था। शूटिंग के दौरान जलती हुई मशालों का इस्तेमाल किया गया था। नियमों को ताक पर रखते हुए, टीम ने ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल किया जिससे आसपास मौजूद कई लोगों की जान जोखिम में पड़ने की आशंका बढ़ गई। इसके अलावा, खाना बनाने के लिए गैस और अवैध रूप से बिल्डिंग की छत का इस्तेमाल करने का आरोप था।