LOADING...
भाजपा विधायक ने दी हैदराबाद में मुनव्वर फारूकी का शो रोकने की धमकी
भाजपा विधायक ने दी मुनव्वर फारूकी का शो रोकने की धमकी

भाजपा विधायक ने दी हैदराबाद में मुनव्वर फारूकी का शो रोकने की धमकी

Aug 12, 2022
01:59 pm

क्या है खबर?

मुनव्वर फारूकी ने स्टैंडअप कॉमेडियन के रूप में देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। बुधवार को ही उन्होंने अपने प्रशंसकों को बताया था कि वह तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक शो में परफॉर्म करने वाले हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर इस संबंध में जानकारी दी थी। इस घोषणा के एक दिन बाद ही गुरुवार को भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने हैदराबाद में मुनव्वर का शो रोकने की धमकी दी है।

रिपोर्ट

विधायक ने मंच जलाने और मारपीट की दी चेतावनी

हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, भाजपा विधायक टी राजा ने गुरुवार को कहा कि अगर राज्य सरकार ने मुनव्वर को हैदराबाद में शो करने की इजाजत दी, तो वे मंच को जला देंगे। साथी ही उन्होंने कॉमेडियन के साथ मारपीट करने की धमकी दी है। उनका धमकी देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मुनव्वर ने उनके देवताओं पर मजाक बनाकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।

बयान

हम मुनव्वर को सबक सिखाएंगे- भाजपा विधायक टी राजा

भाजपा विधायक ने अपने बयान में कहा, "हमें सूचना मिली है कि कॉमेडियन मुनव्वर को हैदराबाद में प्रदर्शन करना बाकी है। ठीक है, उसकी मेजबानी करो। लेकिन आप उसकी मेजबानी कहां करेंगे? किस थिएटर में? कौनसी जगह? आप जहां कहीं भी इसका आयोजन करेंगे, हम इसे रोक देंगे और मुनव्वर को सबक सिखाएंगे।" उन्होंने सरकार को शो के लिए अनुमति नहीं देने की चेतावनी दी है। उन्होंने आगे कहा कि अगर कुछ भी गलत होगा, तो राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए भाजपा विधायक का विवादित बयान

Advertisement

जानकारी

20 अगस्त को हैदराबाद में होगा मुनव्वर का शो

हैदराबाद में मुनव्वर का शो 20 अगस्त को होने वाला है। उनके इस शो का नाम 'डोंगरी टू नोव्हेयर' है, जिसमें वह लोगों को गुदगुदाते हुए दिख सकते हैं। खबरों की मानें तो इस शो के टिकट के मूल्य 499 रुपये रखे गए हैं।

कार्यक्रम

पहले 9 जनवरी को हैदराबाद में परफॉर्म करने वाले थे मुनव्वर

मुनव्वर इससे पहले 9 जनवरी को हैदराबाद में परफॉर्म करने वाले थे। तेलंगाना में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि के कारण इस शो स्थगित कर दिया था। उस समय भी तेलंगाना भाजपा ने घोषणा की थी कि वह किसी भी कीमत पर मुनव्वर का शो नहीं होने देगी। राज्य के भाजपा अध्यक्ष बंदी संजय ने उनके कार्यक्रम को रोकने का आह्वान किया था। वहीं, भाजपा विधायक टी राजा ने उस समय भी कॉमेडियन का विरोध किया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

मुनव्वर का जन्म 1992 में गुजरात के जूनागढ़ में हुआ था। उन्होंने कई वीडियो में बताया है कि 2002 के गुजरात दंगों में उनका घर तबाह हो गया था। इसके बाद वह मुंबई के डोंगरी इलाके में आकर परिवार के साथ रहने लगे।

विवाद

विवादों से रहा है मुनव्वर का नाता

मुनव्वर को पिछले साल जनवरी में इंदौर से गिरफ्तार किया गया था। उन पर हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप लगा था। 37 दिन जेल में बिताने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दी थी। इसके बाद उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडी करने की योजना बनाई थी। एक राजनेता के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ ने उन पर हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप लगया था। इसके बाद देशभर में उनके कई शोज रद्द कर दिए गए थे।

Advertisement