'बिग बॉस' से मशहूर हुईं फरहाना भट्ट की मां ने वीडियो जारी कर अफवाहों को बताया फर्जी, कहा- बेटी ने नहीं निकाला घर से बाहर
'बिग बॉस 19' की रनर-अप रहीं फरहाना भट्ट की मां अफरोजा ने उन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्हें उनकी बेटी ने घर से निकाल दिया है। उन्होंने एक वीडियो बयान जारी कर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट्स को पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत बताया। अफरोजा ने साफ शब्दों में कहा कि किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि उन्हें फरहाना के घर से जबरदस्ती बाहर निकाल सके। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि फरहाना उनकी बेटी थी, है और हमेशा रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि इस पूरे मामले में न तो उन्होंने और नk ही उनकी बेटी फरहाना ने कोई गलत काम किया है।
बहन फाइजाना के दावों से शुरू हुआ था फरहाना भट्ट का पारिवारिक विवाद
फरहाना भट्ट के परिवार का ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब उनकी बहन फाइजाना ने सोशल मीडिया पर एक बड़ा दावा किया। फाइजाना ने बताया कि घर के आपसी झगड़ों की वजह से उनकी मां की तबीयत इतनी ज्यादा बिगड़ गई थी कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और बात पुलिस बुलाने तक पहुंच गई थी। फाइजाना के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और लोग दो गुटों में बंट गए। जहां कुछ लोग मां अफरोजा के समर्थन में खड़े दिखे, वहीं कुछ लोग बहन फाइजाना की बातों को सही मानकर उनका पक्ष ले रहे थे।