दिलजीत दोसांझ के शो पर रोक से भड़की AAP- बाबाओं को छूट, कलाकारों पर पाबंदी क्यों?
क्या है खबर?
दिल्ली पुलिस द्वारा 30 अक्टूबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को अनुमति न देने पर सियासत गरमा गई है। इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। आप ने इस कदम को पंजाब के प्रति पूर्वाग्रह और भेदभाव करार दिया है, जबकि भाजपा और प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस फैसले का बचाव किया है।
आरोप
पुलिस ने दिया सुरक्षा का हवाला, AAP ने लगाया पूर्वाग्रह का आरोप
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस द्वारा सुरक्षा मंजूरी न देने पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ये कदम पंजाब की प्रगतिशील आवाजों के खिलाफ पूर्वाग्रह को दर्शाता है।
उधर पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा चिंताओं और कानून-व्यवस्था की प्रतिबद्धताओं का हवाला देते हुए दिलजीत के 'ऑरा इंडिया टूर' के इस शो को अनुमति देने से इनकार किया है।
सवाल
युवा दिलजीत से प्यार करता है, फिर रोक क्यों?
सौरभ भारद्वाज ने युवाओं के बीच दिलजीत की लोकप्रियता और पंजाब में उनके सांस्कृतिक महत्व का हवाला देते हुए पुलिस के फैसले पर सवाल उठाए।
उन्होंने एक्स पर किए अपने पोस्ट में लिखा, 'केंद्र सरकार की दिल्ली पुलिस दिलजीत के कॉन्सर्ट को अनुमति क्यों नहीं दे रही? क्या ये पंजाब की प्रगतिशील आवाजों के खिलाफ गहरा पूर्वाग्रह है? भारत का युवा दिलजीत से प्यार करता है और पंजाब में भी उन्हें बेहद पसंद किया जाता है।'
हमला
AAP ने केंद्र से पूछा- कलाकारों पर ही पाबंदी क्यों?
सौरभ ने दिलजीत मामले की तुलना दलेर मेहंदी विवाद से कर प्रशासन पर आरोप लगाया कि नफरत फैलाने वाले बाबाओं को आसानी से अनुमति मिल जाती है, लेकिन प्यार बांटने वाले कलाकारों को रोका जा रहा है।
उन्होंने लिखा, 'दलेर के बाद पंजाब के एक और गौरव दिलजीत को दिल्ली में कॉन्सर्ट की अनुमति नहीं मिल रही। दिल्ली पुलिस नफरत का माहौल बनाने वाले बाबुओं को इजाजत देगी, पर प्यार का संदेश देने वाले युवाओं के आदर्श को नहीं।'
पलटवार
भाजपा का AAP पर वार
सौरभ ने दलेर का जिक्र ऐसे समय किया, जब उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने न्यू टिहरी मेले में उन पर नशे में होने और खराब प्रस्तुति देने का आरोप लगाया था।उधर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने AAP के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि अनुमति न देना केवल सुरक्षा कारणों से जुड़ा है। उन्होंने किसान आंदोलन के समर्थन से इसे जोड़ने वाले आरोपों को खारिज किया और सौरभ की इस बयानबाजी को राजनीति से प्रेरित बताया।
शो
30 अक्टूबर को होने वाला दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट रद्द
बता दें कि नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर' कॉन्सर्ट की अनुमति दिल्ली पुलिस ने रद्द कर दी है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय ने आयोजक बुकमायशो को इस फैसले की जानकारी दी।
पुलिस ने अपने पत्र में त्यौहारों के मौसम, सुरक्षा व्यवस्था की व्यस्तता और खतरे से जुड़े विशेष इनपुट का हवाला देते हुए कार्यक्रम को मंजूरी देने से साफ इनकार कर दिया।