'भूत बंगला' की कमाई में 13वें दिन गिरावट, निर्माताओं के प्रस्ताव का नहीं दिखा असर
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो चुकी है। इस सफलता को देखते हुए निर्माताओं ने फिल्म के एक टिकट पर एक फ्री टिकट का प्रस्ताव निकाला जो 3 मई, यानी रविवार तक के लिए लागू रहेगा। इसके बावजूद कारोबारी दिनों में फिल्म का कलेक्शन बढ़ने की बजाए घटता दिखाई दे रहा है। इसने 13वें दिन सबसे कम कारोबार किया है। आइए जानते हैं 'भूत बंगला' समेत अन्य फिल्मों का ताजा हाल।
कमाई
'भूत बंगला' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, 'भूत बंगला' ने अपनी रिलीज के 12वें दिन 4.35 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं 13वें दिन, यानी बुधवार को इसने सिर्फ 3.40 करोड़ रुपये कमाए हैं जो अन्य दिनों के मुकाबले अब तक का सबसे कम कलेक्शन है। फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल 1,24.65 करोड़ रुपये का नेट कारोबार कर सकी है। बता दें, 'भूत बंगला' एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है, जिसमें अक्षय के साथ वामिका गब्बी, राजपाल यादव, परेश रावल, तब्बू और असरानी भी हैं।
अन्य फिल्में
'माइकल', 'गिन्नी वेड्स सन्नी 2' और 'धुरंधर 2' का हाल
माइकल जैक्सन की बायोपिक 'माइकल' ने 6वें दिन 2.30 करोड़ कमाए हैं, जिसके बाद भारत में कुल कारोबार 23.45 करोड़ रुपये हो गया है। अविनाश तिवारी की फिल्म 'गिन्नी वेड्स सन्नी 2' का हाल बेहाल है। 6वें दिन 9 लाख कमाने के बाद इसका कुल कलेक्शन 1.52 करोड़ रुपये हुआ है। उधर रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' रुकने का नाम नहीं ले रही। इसने 42वें दिन 1 करोड़ कमाते हुए कुल 1,133.94 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।