'बंटवारा 1947' की कमाई में तीसरे ही दिन गिरावट, सनी देओल का जादू पड़ा फीका
क्या है खबर?
सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। हालांकि, दर्शकों पर इसका असर उम्मीद के मुताबिक बेहद कम रहा। आमतौर पर जहां सनी की फिल्में आते ही धमाल मचा देती हैं, तो 'बंटवारा 1947' वैसा प्रदर्शन दिखाने में चूक गई। साल की शुरुआत में आई 'बॉर्डर 2' ने पहले दिन 32 करोड़ कमाए थे, जबकि 'बंटवारा 1947' का पूरा वीकेंड कलेक्शन इसके ओपनिंग डे से भी कम है। चलिए एक नजर डालते हैं इसकी कमाई पर।
कमाई
'बंटवारा 1947' की तीसरे दिन गिरी कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, 'बंटवारा 1947' ने रिलीज के तीसरे दिन, यानी रविवार को 7.25 करोड़ रुपये कमाए हैं।
कुल 5.75 करोड़ रुपये से शुरुआत करने के बाद, फिल्म ने दूसरे दिन 13.50 करोड़ कमाते हुए निर्माताओं को आशा की किरण दिखाई थी, लेकिन अगले ही दिन कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली।
फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 26.50 करोड़ रुपये हुआ है, जबकि वर्ल्डवाइड इसने 37.11 करोड़ रुपये कमाए हैं।
हालांकि, इसका बजट करीब 120 करोड़ बताया जा रहा है।
फिल्म
सनी की सबसे कम ओपनिंग लेने वाली सोलो फिल्म
साल 2018 में सनी की फिल्म 'भैयाजी सुपरहिट' ने पहले दिन 1 करोड़ रुपये से ओपनिंग ली थी, जिसके बाद 'बंटवारा 1947' पिछले कुछ सालों में उनकी सबसे कम ओपनिंग लेने वाली सोलो फिल्म बन गई है।
इसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जिनके साथ सनी 'घायल', 'दामिनी' और 'घातक' जैसी फिल्में कर चुके हैं। वहीं निर्माता आमिर खान प्रोडक्शन है।
फिल्म में प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार भी मौजूद हैं।