'भूत बंगला' की कामयाबी के बीच निर्माताओं पर लगा ये आरोप, एकता कपूर ने तोड़ी चुप्पी
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसके जरिए अभिनेता ने लंबे समय बाद निर्देशक प्रियदर्शन के साथ वापसी की और सफलता के झंडे गाड़ दिए। फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 211 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार कर लिया है। इस कामयाबी से निर्माता खुशी के जश्न में डूबे हैं, लेकिन कुछ विक्रेताओं का आरोप है कि फिल्म की सफलता के बावजूद उनका भुगतान अभी तक बकाया है।
आरोप
फिल्म रिलीज के बावजूद बकाया न मिलने का लगा आरोप
मिड-डे के मुताबिक, फिल्म से जुड़े कई विक्रेताओं ने आरोप लगाया है कि 'भूत बंगला' की नाटकीय सफलता के बावजूद उनका भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। एक विक्रेता ने कहा कि उसके 30 लाख रुपये बकाया हैं, जबकि दूसरे ने कहा कि उसके 18 लाख रुपये बकाया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि फिल्म इंडस्ट्री में 90 दिनों के अंदर बिल का भुगतान करने का पुराना नियम अब लगातार लागू नहीं किया जा रहा है।
जवाब
एकता कपूर ने आरोपों का दिया जवाब
उधर आरोपों का जवाब देते हुए एकता कपूर की कंपनी बालाजी मोशन पिक्चर्स ने किसी भी प्रकार की त्रुटि से साफ इनकार किया है। कंपनी ने कहा, "बालाजी टेलीफिल्म्स ने कंपनी द्वारा शुरू की गई विभिन्न परियोजनाओं से संबंधित अपने सभी संविदात्मक भुगतान दायित्वों को पूरा किया है।" हाल ही में, एकता ने 'भूत बंगला' की सफलता का जश्न मनाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया था और अक्षय को को अपना 'गुरु' बताते हुए तारीफ की थी।