रैपर बादशाह को हरियाणा महिला आयोग का नोटिस, 'टटिहरी' गाने में अश्लील भाषा पर मांगा जवाब
क्या है खबर?
मशहूर रैपर बादशाह एक बार फिर अपने गानों के बोलों को लेकर कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने उनके हालिया रिलीज गाने 'टटिहरी' में महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने के लिए उन्हें समन जारी किया है। आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बादशाह को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया है।
विवाद
महिला आयोग ने भेजा समन
बादशाह के लिए उनके नए हरियाणवी गाने 'टटिहरी' ने बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है। हरियाणा राज्य महिला आयोग (HSCW) ने इस गाने के बोलों को आपत्तिजनक मानते हुए गायक को औपचारिक समन जारी किया है। ANI के मुताबिक, हरियाणा महिला आयोग ने उन शिकायतों पर स्वतः संज्ञान लिया है, जिनमें दावा किया गया है कि 'टटिहरी' गाने के बोल न केवल अभद्र हैं, बल्कि वे हमारी सांस्कृतिक संवेदनाओं और महिलाओं की गरिमा का भी खुलेआम उल्लंघन करते हैं।
गाना
विवादों में फंसा 'ततेरी'
आधिकारिक समन 6 मार्च को जारी किया गया, जिसमें रैपर को उनके असली नाम 'आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया' से संबोधित किया गया है। ये गाना 1 मार्च, 2026 के आसपास रिलीज हुआ था और तब से ही इसके बोलों को लेकर सोशल मीडिया और अन्य मंचों पर विरोध के सुर तेज हो रहे थे। आयोग का मानना है कि गाने की सामग्री आपत्तिजनक और अपमानजनक है, जो समाज में गलत उदाहरण पेश कर रही है।
मुश्किलें
पानीपत की संस्था की शिकायत पर बढ़ी बादशाह की मुश्किलें
महिला आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी शिकंजा कस दिया है। आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, आयोग ने पानीपत के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। आयोग ने पुलिस अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि सुनवाई के दौरान सभी संबंधित पक्ष अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। ये शिकायत पानीपत की 'नारी तू नारायणी उत्थान समिति' की अध्यक्ष सविता आर्या और 'शिव आरती इंडिया फाउंडेशन' के निदेशक शिव कुमार द्वारा दर्ज कराई गई है।
सवाल
"पास कैसे हो गया बादशाह का ये विवादित गाना?"
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने न केवल बादशाह को घेरा है, बल्कि संगीत और फिल्म जगत की नियामक प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, "मैंने खुद 3 साल तक फिल्म सेंसर बोर्ड की सदस्य के रूप में काम किया है। मुझे आश्चर्य है कि महिलाओं के प्रति ऐसे अभद्र बोल वाले गाने को मंजूरी कैसे मिल गई? क्या ऐसे गानों को रिलीज से पहले सही तरीके से चेक किया जा रहा है या नहीं?"
आदेश
बादशाह को 13 मार्च को हाजिर होना अनिवार्य
हरियाणा राज्य महिला आयोग ने बादशाह के विवादित गाने 'टटिहरी' को लेकर कार्यवाही की रूपरेखा तैयार कर ली है। आयोग ने सुनवाई के लिए 13 मार्च की तारीख निर्धारित की है। आयोग ने बादशाह (आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) को इस निर्धारित समय पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। अध्यक्ष रेणु भाटिया ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।