Page Loader
वर्टिगो नामक बीमारी से पीड़ित थे आयुष्मान खुराना, खुद किया खुलासा
वर्टिगो से पीड़ित थे आयुष्मान खुराना, खुद खोला राज

वर्टिगो नामक बीमारी से पीड़ित थे आयुष्मान खुराना, खुद किया खुलासा

Nov 19, 2022
02:28 pm

क्या है खबर?

अभिनेता आयुष्मान खुराना ने इसी साल हिंदी सिनेमा में अपना एक दशक पूरा किया है। उन्होंने इंडस्ट्री को कई हिट फिल्में दी हैं।

हाल ही में साहित्य आजतक के एक कार्यक्रम में उन्होंने अपने स्वास्थ्य से जुड़ा बड़ा खुलासा किया है।

उन्होंने बताया कि वह एक समय वर्टिगो नामक बीमारी से पीड़ित थे। उन्होंने कहा कि फिल्मों में काम करने के दौरान ही वह इसकी चपेट में आ गए थे।

खुलासा

छह साल पहले हुआ था आयुष्मान को वर्टिगो

आयुष्मान ने कहा कि वह छह साल पहले वर्टिगो से पीड़ित थे।

उन्होंने बताया, "मुझे छह साल पहले वर्टिगो था और मुझे अपनी आगामी फिल्मों के लिए ऊंची इमारतों से कूदने वाले एक्शन दृश्य करने थे। हालांकि सुरक्षा के लिए हार्नेस केबल होते हैं, फिर भी आपको लगता है कि कुछ भी हो सकता है, क्योंकि आप बहुत तेज गति से नीचे गिरते हैं। यह थोड़ा नर्वस करने वाला काम है।"

अनुभव

अभिनेता ने बीमारी से छुटकारा पाने का अनुभव भी किया साझा

आयुष्मान ने अपनी इस बीमारी से छुटकारा पाने का अनुभव भी साझा किया है। उनकी मानें तो ऐसी बीमारी में इलाज का महत्व बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि इसका इलाज भी संभव है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह फिल्मों में बॉडी डबल का इस्तेमाल करते हैं, तो उन्होंने इससे इनकार नहीं किया।

उन्होंने कहा, "अगर कोई कलाकार कहता है कि बॉडी डबल का इस्तेमाल नहीं किया जाता है, तो यह झूठ है।"

बीमारी

जानिए क्या है वर्टिगो

अगर चलते-चलते या अचानक खड़े होने पर आपका सिर घुमने लगता है और शारीरिक संतुलन बनाए रखने में समस्या होती है, तो ये वर्टिगो के लक्षण हो सकते हैं।

कई लोगों को वर्टिगो के बारे में पता नहीं चलता और समस्या गंभीर हो जाती है।

आमतौर पर वर्टिगो होने पर डॉक्टर मरीजों को आराम करने की सलाह देते हैं। अधिक समस्या बढ़ने पर एंटीबॉयोटिक दवाइयों से इसका उपचार किया जाता है।

जानकारी

आयुष्मान की पत्नी ताहिरा ने दी कैंसर को मात

कुछ समय पहले आयुष्मान की पत्नी ताहिरा कश्यप को कैंसर हो गया था। उन्होंने काफी समय तक ब्रेस्ट कैंसर से अपनी लड़ाई लड़ी।

हालांकि, उन्होंने अपनी हिम्मत से इस बीमारी को मात दी। बता दें कि ताहिरा ने 22 सितंबर, 2018 को अपनी बीमारी का खुलासा किया था।

ताहिरा को एक लेखक के तौर पर पहचान मिली है। आयुष्मान और ताहिरा साल 2011 में शादी के बंधन में बंधे थे।

जानकारी

2 दिसंबर को आएगी आयुष्मान की 'एन एक्शन हीरो'

आयुष्मान बहुत जल्द अपनी अगली फिल्म 'एन एक्शन हीरो' में नजर आएंगे। फिलहाल वह इस फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं। फिल्म 2 दिसंबर को बड़े पर्दे पर आ रही है। अनिरुद्ध अय्यर ने इसका निर्देशन किया है।