सनी देओल को झटका, एडवांस बुकिंग में इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' ने किया बड़ा खेला
क्या है खबर?
स्वतंत्रता दिवस के लंबे वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस पर 2 बड़ी फिल्मों की जबरदस्त टक्कर होने जा रही है। इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' और सनी देओल की 'बंटवारा 1947' की रिलीज से ठीक पहले एडवांस बुकिंग के आंकड़ों ने ट्रेड पंडितों को भी चौंका दिया है। शुरुआती रुझानों में इमरान की फिल्म 'आवारापन 2' बाजी मारती दिख रही है, जिसने एडवांस टिकटों की बिक्री के मामले में सनी की फिल्म पर 81 प्रतिशत की भारी बढ़त बना ली है।
टक्कर
14 अगस्त को सनी देओल और इमरान हाशमी में महा-मुकाबला
14 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की 'बंटवारा 1947' और इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' के बीच ज़बरदस्त टक्कर होने जा रही है।
शुरुआती रुझानों के मुताबिक इमरान की 'आवारापन 2' काफी आगे निकलती दिख रही है। इस सीक्वल को इमरान की साल 2007 में आई फिल्म 'आवारापन' की पुरानी यादों का फायदा मिल रहा है, जबकि 'बंटवारा 1947' के पास सनी देओल की पारिवारिक और मास दर्शक वर्ग की मजबूत पकड़ का सहारा है।
तुलना
इमरान के फैंस आगे, पर पारिवारिक दर्शक सनी के साथ
ट्रेड विश्लेषक रमेश बाला ने NDTV से कहा कि जहां 'आवारापन 2' के पक्ष में पुरानी यादें और समर्पित फैन फॉलोइंग हैं, वहीं 'बंटवारा 1947' के पास सनी देओल की जबरदस्त मास अपील है। इमरान की फिल्म शुरुआती बढ़त बना सकती है, लेकिन स्वतंत्रता दिवस का अवसर दोनों के लिए काफी मजबूत है। ये एक ऐसा मुकाबला है, जहां ओपनिंग भले ही सुर्खियां बटोरे, लेकिन आखिरकार जन प्रचार या दर्शकों की प्रतिक्रिया ही असली विजेता का फैसला करेगा।"
जलवा
'बंटवारा 1947' से काफी आगे निकली 'आवारापन 2'
रमेश बाला ने आगे कहा, "शुरुआती एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी 'आवारापन 2' के पक्ष में दिख रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के इस मुकाबले का पहला दौर साफतौर पर 'आवारापन 2' के नाम रहा है। लगभग 68,000 टिकटों की बिक्री और 2.20 करोड़ की एडवांस कमाई के साथ इमरान की फिल्म, लगभग 37,600 टिकट बेचने वाली 'बंटवारा 1947' से काफी आगे है। टिकटों की बिक्री में ये 81 फीसदी की बढ़त फिल्म को लेकर उत्सुकता को दर्शाती है।"
कयास
बॉक्स ऑफिस पर छाने को तैयार इमरान
रमेश बाला के मुताबिक, 37,600 के मुकाबले 68,000 टिकट बेचकर 'आवारापन 2' काफी आगे चल रही है। ये बढ़त इमरान की फिल्म को पहले दिन मजबूत शुरुआत देगी, वहीं सनी को यह फर्क खत्म करने के लिए सीधे काउंटर से टिकट खरीदने वाले दर्शकों की जरूरत होगी।
दूसरी तरफ फिल्म समीक्षक और विश्लेषक सुमित कादेल ने भी NDTV से कहा कि 'आवारापन 2' पहले दिन और पूरे वीकेंड में 'बंटवारा 1947' से दोगुनी कमाई कर सकती है।