सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को मिला 'रंग दे बसंती' के अभिनेता अतुल कुलकर्णी का समर्थन
अभिनेता अतुल कुलकर्णी आज यानी 16 जुलाई, 2026 को अपने घर पर एक दिन की भूख हड़ताल कर रहे हैं। वे सोनम वांगचुक का समर्थन कर रहे हैं।
दूसरी ओर, सोनम खुद दिल्ली के जंतर-मंतर पर 19 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। वे 3 मई को हुई NEET-UG परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक का विरोध कर रहे हैं।
इसके साथ ही, वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं।
अतुल कुलकर्णी ने सरकार से की सोनम से बात करने की अपील
अतुल ने एक वीडियो जारी कर सरकार से गुजारिश की है कि वह सोनम से बात करें और इस मामले को जल्द सुलझाएं।
उन्होंने उन लोगों से अपील की है, जो निष्पक्ष परीक्षाओं की परवाह करते हैं, वे या तो उनके इस प्रतीकात्मक उपवास में शामिल हों या इस संदेश को दूर-दूर तक फैलाएं।
अतुल ने कहा, 'दर्द का दर्द से जुड़ा होना जरूरी है।' शबाना आजमी और अभय देओल जैसे जाने-माने कलाकारों ने भी सोनम के इस आंदोलन का समर्थन किया है।