आशा भोसले के ये सदाबहार गाने, आज भी हैं हर महफिल की जान
क्या है खबर?
भारतीय संगीत जगत का वो चमकता सितारा अब हमेशा के लिए विदा हो गया, जिसने अपनी आवाज से आठ दशकों तक दुनिया को मंत्रमुग्ध किया। आशा भोसले का संगीत से नाता तब शुरू हुआ था, जब उन्होंने महज 10 साल की उम्र में साल 1943 में आई मराठी फिल्म 'माझा बाल' के लिए अपना पहला गाना 'चला चला नव बाला' गाया। आज 'आशा ताई' हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी विरासत इन कालजयी गीतों में हमेशा जिंदा रहेगी।
#1
'आइए मेहरबां'
आशा भोसले के शानदार सफर में 'आइए मेहरबां' का जिक्र होना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही वो गाना था, जिसने उनकी गायकी के एक अलग और ग्लैमरस पहलू को दुनिया के सामने रखा। साल 1958 में आई फिल्म 'हावड़ा ब्रिज' का ये गाना उनके करियर में एक बड़ा मोड़ लेकर आया था। इस गाने में उनकी आवाज की जो 'खनक' और 'कशिश' थी, उसने रातों-रात उन्हें फिल्म इंडस्ट्री की सबसे जोरदार गायिका बना दिया था।
#2 और #3
'दम मारो दम' और 'इन आंखों की मस्ती के'
साल 1971 में आरडी बर्मन के संगीत में रचे गाने 'दम मारो दम' ने आशा को 'यूथ आइकन' बना दिया। हिप्पी कल्चर और विद्रोह की भावना को समेटे इस गाने में उनकी आवाज में जो बिंदासपन था, उसने संगीत जगत में क्रांति ला दी। ये गाना आज भी पार्टियों की जान है। इसके ठीक उलट 1981 में आशा ताई ने फिल्म 'उमराव जान' में 'इन आंखों की मस्ती...' में अपनी आवाज की नजाकत और ठहराव से सबको हैरान कर दिया।
#4 और #5
'पिया तू अब तो आ जा' और 'अभी ना जाओ छोड़ कर'
साल 1971 में आई फिल्म 'कारवां' के गाने 'पिया तू अब तो आ जा' में हेलन के डांस और आशा की बिजली जैसी कड़कती आवाज ने इस गाने को भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा 'कैबरे' नंबर बना दिया। ये गाना दिखाता है कि आशा जी की आवाज में कितनी आधुनिकता और साहस था। उधर दिग्गज गायक मोहम्मद रफी के साथ गाया गया 'अभी ना जाओ छोड़ कर' गाना आशा की गायकी की बेहद कोमल और रूमानी परत को खोलता है।
#6 और #7
'ये मेरा दिल' और 'पर्दे में रहने दो'
अमिताभ बच्चन की फिल्म 'डॉन' का 'ये मेरा दिल' गाना आशा जी की आवाज के उस जादू को दिखाता है, जिसे कोई और कभी नहीं दोहरा सका। हेलन पर फिल्माया गया ये गीत अपनी तेज धुन और आशा जी की अदम्य ऊर्जा के लिए जाना जाता है। दूसरी ओर 'पर्दे में रहने दो' एक ऐसा गाना है, जिसने आशा ताई की आवाज के नखरीले और चुलबुले अंदाज को अमर कर दिया। इस गाने ने उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी दिलाया।
जानकारी
'चुरा लिया है तुमने', 'झुमका गिरा रे' और 'छोड़ दो आंचल'
'चुरा लिया है तुमने', 'झुमका गिरा रे' और 'छोड़ दो आंचल' ये तीनों गाने साबित करते हैं कि आशा की आवाज में जहां एक तरफ गहराई थी, वहीं गजब की मस्ती और जिंदादिली भी थी। उनके ये गाने भारतीय संगीत की पहचान बन चुके हैं।