Page Loader
अर्जुन रामपाल ने बताया क्यों लिया था तलाक, बोले- शादी तो महज कागज का टुकड़ा है
अर्जुन रामपाल ने क्यों लिया था मेहर जेसिया से तलाक?

अर्जुन रामपाल ने बताया क्यों लिया था तलाक, बोले- शादी तो महज कागज का टुकड़ा है

Jul 31, 2024
02:34 pm

क्या है खबर?

अभिनेता अर्जुन रामपाल उन अभिनेताओं में शुमार रहे हैं, जो अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब चर्चा में रहे हैं। जहां एक वक्त उनके तलाक ने खूब सुर्खियां बटोरीं, वहीं 14 साल छोटी मॉडल के साथ उनकी लिव इन रिलेशनशिप और बिना शादी के पिता बनना भी काफी चर्चा में रहा। हाल ही में अर्जुन ने अपनी शादी और तलाक पर खुलकर बात की। आइए जानें क्या कुछ बोले अभिनेता।

कारण

क्यों टूटी अर्जुन की शादी?

द रणवीर शो में अर्जुन बाेले, "जब मैं 24 साल का था, तब मेरी शादी हो गई थी। मुझे लगता है कि यह बहुत जल्दी है। उस समय आप इतने छोटे होते हैं। आपके पास सीखने और अनुभव करने के लिए बहुत कुछ होता है। पहले आपको परिपक्व बनना होगा। पुरुष महिलाओं की तुलना में देर में परिपक्व होते हैं। यह सच है कि हम मूर्ख हैं। अगर आप शादी में सफल होना चाहते हैं तो आपकाे इंतजार करना होगा।"

बचपन का प्यार

बचपन वाले प्यार पर कही ये बात

अर्जुन ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने साथ के पुरुषों को अपने बचपन की प्रेमिकाओं से शादी करने भी देखा है और वे आज खुशहाल शादीशुदा जिंदगी बिता रहे हैं। हालांकि, अर्जुन का मानना है कि यह सिर्फ चमत्कार है। अपने जीवन के उस चरण को याद करते हुए जब वह पूर्व पत्नी मेहर जेसिया से तलाक ले रहे थे, जिनसे उनकी 2 बेटियां माहिका और मायरा हैं, अर्जुन ने कहा कि यह बहुत कठिन है।

पड़ाव

अर्जुन के लिए भी आसान नहीं था तलाक

अर्जुन बोले, "तलाक किसी के लिए भी आसान नहीं होता है और इससे सबसे ज्यादा तकलीफ आपके बच्चों को होती है। शुरुआत में आपको ऐसा लगता है कि अब आप आजाद हैं, लेकिन अंत में आप असहज और अकेला महसूस करते हैं। आपको अपने घर की याद सताने लगती है। अपनी शादी टूटने के लिए मैं खुद को जिम्मेदार मानता हूं।" अभिनेता कहते हैं, "शादी महज कागज का टुकड़ा है। गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स और मैं दिल से एक-दूसरे के साथ हैं।"

रिश्ता

अर्जुन और गैब्रिएला के हैं 2 बच्चे

अर्जुन और गैब्रिएला का पिछले साल जुलाई में दूसरा बच्चा हुआ था। अर्जुन-गैब्रिएला 2018 में आपसी दोस्तों के जरिए मिले थे और 2019 में उन्होंने बेटे का स्वागत किया । हालांकि, जब अर्जुन ने गर्लफ्रेंड के साथ अपने पहले बच्चे का ऐलान किया था तो उन्हें खूब खरी-खोटी सुनने को मिली थी। गैब्रिएला साउथ अफ्रीकी मॉडल, फैशन डिजाइनर और बिजनेसवुमन हैं। उन्होंने 2014 में फिल्म 'सोनाली केबल' से बॉलीवुड में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी।

जानकारी

1998 में हुई थी अर्जुन-मेहर की शादी

बता दें कि अर्जुन ने गैब्रिएला से अब तक शादी नहीं की है। मॉडलिंग के दौरान उनका दिल मॉडल मेहर पर आ गया था। 1998 में दोनों ने लव मैरिज की थी। 21 साल बाद 2019 में अर्जुन और मेहर का तलाक हुआ था।