अनुराधा पौडवाल ने एआर रहमान को बताया 'संत', बोलीं- मीडिया को तो मिर्च-मसाला चाहिए
क्या है खबर?
मशहूर संगीतकार एआर रहमान द्वारा बॉलीवुड में 'सांप्रदायिकता' बढ़ने के दावों पर अब दिग्गज गायिका अनुराधा पौडवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। रहमान के इस बयान से उपजे विवाद के बीच अनुराधा उनके बचाव में उतरी हैं। उन्होंने रहमान को एक 'बेहद सात्विक और संत जैसा इंसान' बताते हुए कहा कि उनके मन में किसी के प्रति कोई द्वेष नहीं है। क्या बोलीं अनुराधा, आइए जानते हैं।
बचाव
"संगीत कभी झूठ नहीं बोलता"
ANI से बात करते हुए अनुराधा ने स्वीकार किया कि वो कभी रहमान से निजी तौर पर नहीं मिली हैं, लेकिन उनके संगीत की गहराई यह बताने के लिए काफी है कि वो एक 'संत जैसे इंसान' हैं। अनुराधा के अनुसार, संगीत कभी झूठ नहीं बोलता और रहमान की धुनों में जो सात्विकता है, वो उनके नेक इंसान होने का सबसे बड़ा प्रमाण है। रहमान की कथित सांप्रदायिक टिप्पणियों पर मचे बवाल के बीच अनुराधा ने मीडिया पर ठीकरा फोड़ा।
तंज
विवाद के लिए घुमाकर पूछे जाते हैं सवाल- अनुराधा
अनुराधा ने कहा, "केवल रहमान ही नहीं, बल्कि किसी भी कलाकार से इंटरव्यू के दौरान जानबूझकर ऐसे घुमावदार सवाल पूछे जाते हैं, जिससे कोई विवादित जवाब निकलवाया जा सके।" उनके मुताबिक, आज के दौर में टीवी चैनलों को सीधे और सादे इंटरव्यू पसंद नहीं आते, क्योंकि उन्हें 'मिर्च-मसाला' चाहिए होता है। अनुराधा ने साफ कहा कि मीडिया इंटरव्यू में अक्सर सवालों को इस तरह से पूछा जाता है, जिससे कलाकार उकसावे में आकर कोई खास या विवादित प्रतिक्रिया दे दे।
दो टूक
अनुराधा बोलीं- रहमान का योगदान और मुकाम इन सब विवादों से बहुत ऊपर
'नजर के सामने' जैसे सदाबहार गानों की गायिका अनुराधा ने रहमान के संगीत जगत में योगदान का लोहा मानते हुए उन्हें विवादों से परे बताया है। उन्होंने कहा कि रहमान ने जो मुकाम हासिल किया है और जिस ऊंचाई पर वाे हैं, वहां कोई भी विवाद या बाहरी प्रभाव उनके करियर को नुकसान नहीं पहुंचा सकता। अनुराधा के मुताबिक, रहमान के गानों ने दुनियाभर में जो जादू बिखेरा है, उसके आगे इन विवादों का कोई मतलब नहीं है।
विवाद की जड़
रहमान के इस बयान से छिड़ा विवाद
रहमान द्वारा पिछले 8 वर्षों में बॉलीवुड में आए बदलावों और अपने काम में आई कमी को 'सांप्रदायिकता' से जोड़ने के बाद इंडस्ट्री 2 हिस्सों में बंट गई है। जहां कंगना रनौत, रानी मुखर्जी, और सुभाष घई जैसी हस्तियों ने उनके बयान पर नाराजगी जताई, वहीं अनुराधा, रहमान के समर्थन में खड़ी नजर आई हैं। दरअसल, रहमान ने कहा था कि बॉलीवुड धीरे-धीरे 'सांप्रदायिक' होता जा रहा है, इसलिए पिछले कुछ सालों से उनके पास काम कम हो गया है।