अनुराग कश्यप का छलका दर्द, बोले- व्हील चेयर पर था; सदमे में पड़ा दिल का दौरा
क्या है खबर?
मशहूर निर्देशक अनुराग कश्यप ने अपने जीवन के सबसे काले दौर का खुलासा करते हुए बताया है कि कैसे उनके ड्रीम प्रोजेक्ट 'मैक्सिमम सिटी' के रद्द होने ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से तोड़ दिया था। नेटफ्लिक्स द्वारा फिल्म रोके जाने के सदमे को उन्होंने एक 'गर्भपात' जैसा दुख बताया, जिसके बाद वो गहरे डिप्रेशन में चले गए। उन्हें शराब की लत लग गई और यहां तक कि अनुराग हार्ट अटैक का शिकार भी हो गए थे।
धक्का
ड्रीम प्रोजेक्ट छिना तो लगा जैसे 'गर्भपात' हो गया- अनुराग
53 वर्षीय अनुराग 2009 से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। उन्होंने इस अनुभव को बेहद कष्टकारी बताया। अनुराग ने कहा कि उन्होंने इस फिल्म में अपने जीवन के कई साल निवेश किए थे, लेकिन नेटफ्लिक्स से शुरुआती हरी झंडी मिलने के बाद उन्हें लंबे समय तक सन्नाटे (खामोशी) का सामना करना पड़ा। वो गहरे शोक में चले गए। इसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्होंने इस फिल्म के रद्द होने की तुलना 'गर्भपात' के दुख से की।
खुलासा
प्रोजेक्ट बंद होने की खबर तक नहीं दी, खामोशी ने तोड़ दिया
द हॉलीवुड रिपोर्टर के साथ बातचीत में फिल्ममेकर ने कहा, "मैं 2009 से 'मैक्सिमम सिटी' से जुड़ा हुआ हूं। नेटफ्लिक्स ने इसे हरी झंडी दे दी थी। मैंने उनसे कहा, 'कृपया किताब पढ़ें।" अनुराग बोले, "टीम में सिर्फ एक व्यक्ति को छोड़कर किसी ने भी किताब नहीं पढ़ी थी। डेढ़ साल तक चुप्पी छाई रही, और किसी ने आकर मुझे यह नहीं बताया कि 'यह प्रोजेक्ट नहीं बन रहा है।' वह खामोशी और भी ज्यादा परेशान करने वाली थी।"
दिल की बात
"ये मेरा बच्चा था"
अपने भावनात्मक नुकसान को याद कर अनुराग ने कहा कि उन्हें अपने इस गहरे दुख का एहसास थेरेपी लेने के बाद ही हुआ। उन्होंने इस नुकसान की तुलना एक व्यक्तिगत त्रासदी से करते हुए कहा कि जब आप किसी चीज़ में इतना समय निवेश करते हैं तो वो आपका बच्चा बन जाता है। फिल्म का रद्द होनेा मेरे लिए एक 'गर्भपात' की तरह थ। बता दें कि फिल्ममेकर ने इसकी स्क्रिप्ट के 900 से अधिक पन्ने हाथ से लिखे थे।
बचाव
जान बचाने के लिए जाना पड़ा रिहैब
अनुराग ने बताया, "उस शोक (गहरे दुख) के दौरान, मुझे दिल का दौरा पड़ा। मैं खून पतला करने वाली दवाओं पर था। एक वैक्सीन का मुझ पर बुरा असर हुआ, मुझे अस्थमा हो गया, इसलिए मैं स्टेरॉयड ले रहा था। मेरा दिमाग हर वक्त सुन्न रहता था और मैंने शराब पीना और हर समय जोमैटो से खाना ऑर्डर करना शुरू कर दिया। शराब की लत छुड़ाने और अपनी जान बचाने के लिए मैंने खुद को आखिरकार रिहैब में भर्ती कराया।"
सहारा
जोया अख्तर बनीं उम्मीद की किरण
अनुराग बोले, "किस्मत से जोया अख्तर ने मुझे फोन किया। उन्होंने पूछा, क्या तुम मेड इन हेवन में अपना ही किरदार निभाओगे? मैंने हिचकिचाते हुए जवाब दिय, मैं बिस्तर पर पड़ा हूं, मेरा पैर जवाब दे चुका है, मैं व्हीलचेयर पर हूं। जोया ने उनसे कहा, "हम व्हीलचेयर को ही सीन का हिस्सा बना लेंगे।" अनुराग ने इस मौके को खुद को अकेलेपन से बाहर निकालने का श्रेय देते हुए कहा, "इसी तरह मैं अपने कमरे से बाहर निकल पाया।"
जानकारी
अनुराग की 'कैनेडी' जल्द OTT पर होगी रिलीज
अंधेरे दौर को पीछे छोड़ते हुए अनुराग कश्यप अब एक बार फिर अपनी रचनात्मकता के साथ पर्दे पर लौट रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'कैनेडी' 20 फरवरी को ZEE5 पर रिलीज होने वाली है। ये फिल्म दुनियाभर के फिल्म समारोहों में वाहवाही लूट चुकी है।