अनुपम खेर ने की इस रेलवे स्टेशन को पर्यटक स्थल बनाने की अपील, ऐसा क्या है खास?
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर आपटा रेलवे स्टेशन को पर्यटक स्थल बनाने की बात कर रहे हैं। यह वही स्टेशन है जो 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' फिल्म में शाहरुख खान और काजोल के यादगार ट्रेन वाले सीन की पृष्ठभूमि बना था। 11 मई, 2026 को स्टेशन पर पहुंचकर, अनुपम ने एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने बताया कि इस फिल्म और इस सीन की बॉलीवुड में कितनी खास अहमियत है और कैसे यह एक सीन फिल्म की पहचान बन गया और लाखों लोगों के दिलों में बस गया।
अनुपम ने आदित्य चोपड़ा का शुक्रिया अदा किया
अनुपम ने इस जगह को 'एक आइकॉनिक फिल्म का आइकॉनिक सीन' बताते हुए इसकी तुलना 'द गॉडफादर' फिल्म की सिसिली की मशहूर जगह से की। उन्होंने यश और आदित्य चोपड़ा का भी शुक्रिया अदा किया, क्योंकि उन्होंने उन्हें शाहरुख के पिता की भूमिका दी थी। अनुपम ने बताया कि उस समय उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि वे हिंदी सिनेमा के इतिहास में इतना बड़ा मील का पत्थर बना रहे हैं। उन्होंने सरकार से भी अपील की कि इस जगह को एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाए।