गोविंदा के बुरे दौर में साथ आए अनुपम खेर, बोले- ये वक्त भी गुजर जाएगा
क्या है खबर?
अनुपम खेर ने कई फिल्मों में अपने सह-कलाकार रहे और दोस्त गोविंदा पर हाल ही में खुलकर बात की। उन्होंने सलाह दी है कि गोविंदा को अपनी निजी जिंदगी, व्यक्तिगत आदतों और विवादों को अपने पेशेवर काम पर हावी नहीं होने देना चाहिए। अनुपम खेर के मुताबिक, गोविंदा एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं और उन्हें अपनी पुरानी आदतों से बाहर निकलकर दोबारा काम पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए ताकि वो दर्शकों के बीच अपने अभिनय से धमाकेदार वापसी कर सकें।
विवाद
सुनीता से गोविंदा की अनबन की चर्चाओं के बीच आया अनुपम का बयान
अनुपम की ये टिप्पणी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के तनावपूर्ण शादीशुदा जीवन और सुनीता द्वारा लगाए गए विवाहेतर संबंधों के आरोपों की चर्चाओं के बीच आई है।
ये मामला तब और तूल पकड़ गया, जब गोविंदा को मुंबई के प्रसिद्ध 'लालबागचा राजा' पंडाल में अपनी फिल्म 'रूपा' की सह-कलाकार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ देखा गया, जबकि सुनीता उनसे कुछ घंटे पहले ही अलग से दर्शन करने पहुंची थीं।
सलाह
गोविंदा का कोई मुकाबला नहीं, लेकिन निजी जिंदगी को काम पर हावी न होने दें
पत्रकार फरीदून शहरयार के साथ हालिया बातचीत में अनुपम ने कहा, "मैं गोविंदा को बहुत पसंद करता हूं। मुझे लगता है कि वो उन बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं, जिनके साथ मैंने काम किया है। मैंने उनके साथ 10-12 फिल्में की हैं। टाइमिंग, एक्टिंग, डांस, इन सबमें उनका कोई मुकाबला नहीं कर सकता, लेकिन आपको अपनी निजी जिंदगी या अपनी आदतों को अपनी पूरी जिंदगी पर हावी नहीं होने देना चाहिए।"
दर्द
"मैं फैसला सुनाने वाला कौन?"
अनुपम ने कहा कि वो गोविंदा को जज करने की स्थिति में नहीं हैं और उन्होंने याद किया कि वो उनसे बात करना चाहते थे।
दिग्गज अभिनेता बोले, "मैं उन पर फैसला सुनाने वाला कोई नहीं होता। वो अपनी जिंदगी को बेहतर जानते हैं और इसे संभाल सकते हैं। मैंने एक बार उन्हें फोन किया था तो उन्होंने कहा कि वो वापस कॉल करेंगे। मैं उनसे बस यही कहना चाहता था कि ये वक्त भी गुजर जाएगा।"
उम्मीद
परेशानियां हर किसी की जिंदगी में होती हैं- अनुपम
अपनी 41 साल की यात्रा का उदाहरण देते हुए अनुपम ने कहा कि उन्होंने भी अच्छे-बुरे दौर देखे हैं, लेकिन लोग अंत में अच्छी बातें ही याद रखते हैं।
उन्होंने कहा, "हर किसी की जिंदगी में परेशानियां होती हैं। गोविंदा अपने आसपास के हालात से थोड़े थक गए हैं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी है। मुझे उम्मीद है कि वो जल्द ही दमदार वापसी करेंगे और पहले से भी ज्यादा काम करेंगे।"