सिंगापुर में बस के अंदर तेज संगीत बजाना और सीट पर पैर रखना पड़ेगा भारी
क्या है खबर?
सिंगापुर की सार्वजनिक बसों में बुधवार 23 सितंबर से तेज संगीत बजाना और सीटों पर पैर रखना भारी पड़ सकता है। शहर के भूमि परिवहन प्राधिकरण (LTA) ने बताया कि बसों में किसी तरह के नियम उल्लंघन से लेकर गंदी फैलाने तक में 500 सिंगापुर डॉलर (करीब 37,500 रुपये) से लेकर 5,000 सिंगापुर डॉलर (3.74 लाख रुपये) तक का जुर्माना लग सकता है। यह आदेश सिंगापुर के रेलवे या मास रैपिड ट्रांजिट (MRT) नेटवर्क पर मौजूदा नियमों के अनुरूप हैं।
जुर्माना
इन आदेशों को उल्लंघन करना पड़ेगा भारी
सिंगापुर ने बसों और टर्मिनल पर यात्रियों द्वारा उपद्रव करने, खतरा पैदा करने, वाहनों या टर्मिनलों को नुकसान पहुंचाने पर जुर्माना लागू किया है।
अगर यात्री बस में सीटों पर पैर रखते हैं, तेज आवाज में ऑडियो बजाते हैं, बसों में गंदगी फैलाते हैं या बसों में खाना-पीना करते हैं तो अधिकतम 500 सिंगापुर डॉलर जुर्माना लगेगा।
बस इंटरचेंज या टर्मिनल में सहयात्रियों के लिए खतरा पैदा करते हैं या गंदगी फैलाते हैं तो अधिकतम 5,000 सिंगापुर डॉलर जुर्माना लगेगा।
जांच
बस चालक और परिचालक नहीं काटेंगे जुर्माना
सार्वजनिक बस के कर्मचारी, जैसे टिकट निरीक्षक और बस इंटरचेंज कर्मचारी, यात्रियों को किसी अपराध में सिर्फ नोटिस जारी कर सकेंगे, जिसकी बाद में LTA जांच करेगा।
बस चालक (सिंगापुर में बस कैप्टन) जुर्माना जारी नहीं कर सकेंगे, ताकि बस को सुरक्षित रूप से चलाने के उनके मूल कर्तव्य पर कोई असर न पड़े।
हालांकि, अत्यंत गंभीर मामलों में पुलिस से मदद मांग सकते हैं। सार्वजनिक बस संचालक असंवेदनशील यात्रियों से निपटने में विवेक और निष्पक्षता का प्रयोग करेंगे।
नियम
क्यों की गई सख्ती?
LTA ने कहा की इस सख्ती के पीछे प्राथमिकता अन्य यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करना और यह सुनिश्चित करना है कि बस सेवा बाधित न हो।
उसने कहा, "सार्वजनिक परिवहन एक साझा स्थान है, और प्रत्येक यात्री को एक सौहार्दपूर्ण और सुखद यात्रा वातावरण सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।"
एलटीए ने पिछले साल मार्च में घोषणा की थी कि वह सिंगापुर के सार्वजनिक परिवहन में उपद्रव और व्यवधानकारी व्यवहार के खिलाफ प्रवर्तन को तेज करेगा।