LOADING...
'धुरंधर 2' देख अनुपम खेर बोले- किस मिट्टी के बने हो आदित्य? नजर उतार लेना भाई
अनुपम खेर ने किया 'धुरंधर 2' का रिव्यू

'धुरंधर 2' देख अनुपम खेर बोले- किस मिट्टी के बने हो आदित्य? नजर उतार लेना भाई

Mar 22, 2026
01:14 pm

क्या है खबर?

बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' की ऐतिहासिक सफलता के बीच दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने फिल्म के आलोचकों पर निशाना साधा है। फिल्म को अंधराष्ट्रवाद कहे जाने पर उन्होंने गहरी निराशा व्यक्त की है। 'द कश्मीर फाइल्स' का उदाहरण देते हुए अनुपम ने कहा कि उन्हें उन लोगों पर तरस आता है, जो फिल्म की भावना को समझने के बजाय उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। अनुपम ने और क्या-क्या कहा, आइए जानते हैं।

सराहना

'धुरंधर 2' का हर पहलू लाजवाब

अनुपम ने एक्स पर फिल्म का एक लंबा-चौड़ा रिव्यू साझा किया। इस वीडियो में उन्होंने फिल्म के हर पहलू की जमकर तारीफ की और उन लोगों को आड़े हाथों लिया जो फिल्म को 'प्रोपेगेंडा' या 'अंधराष्ट्रवाद' बता रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैंने अभी 'धुरंधर 2' देखी। मैं क्या कहूं? ये फिल्म लेखन, निर्देशन, अभिनय, तकनीकी पक्ष और संगीत, हर मामले में लाजवाब है। ये एक ऐसी फिल्म है, जो आपको अपने देश, अपने भारत पर गर्व महसूस कराती है।"

जवाब

प्रोपेगेंडा आरोपों पर अनुपम की तीखी प्रतिक्रिया

अनुपम बोले, "मैं बहुत थका हुआ हूं, लेकिन ये रिव्यू डालना जरूरी था, क्योंकि ये मेरे विचार हैं। जो लोग इसे 'प्रोपेगेंडा' कहते हैं, मुझे उनके लिए बड़ा दुख होता है। शुरुआत में मुझे गुस्सा आ रहा था, क्योंकि उन्होंने 'द कश्मीर फाइल्स' को भी प्रोपेगेंडा कहा था। अब 'धुरंधर' को... जो लोग इसे प्रोपेगेंडा कहते हैं, उन्हें खुद पर शर्म आनी चाहिए। अगर इससे इतनी ही चिड़न है, तो वे खुद लेखकों के साथ अपनी फिल्म क्यों नहीं बनाते?"

Advertisement

निर्देशन

"आदित्य तुम किस मिट्‌टी के बने हो?"

अनुपम ने कहा, "ये सिर्फ ड्रामा नहीं, बल्कि आधुनिक भारत पर आधारित फिल्म है। हमारे लोग, हमारी एजेंसियां जैसे IB और RAW कितनी शानदार हैं। वे अपना काम कितनी बारीकी और मेहनत से कर रहे हैं। मैं आज ये जरूर कहूंगा कि हम इस देश में रहने वाले सबसे भाग्यशाली लोग हैं और आदित्य धर, मतलब तुम किस मिट्टी के बने हो? जब मैं तुम्हें टीवी पर देखता हूं या तुमसे मिलता हूं तो तुम बिल्कुल अलग इंसान लगते हो।"

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए अनुपम खेर का वीडियो

एक्टिंग

रणवीर के मुरीद हुए अनुपम

रणवीर सिंह की तारीफ में अनुपम बोले, "मैं एक एक्टिंग स्कूल का टीचर हूं। मेरे लिए किसी को सलाम करने में समय और यकीन लगता है, लेकिन रणवीर सिंह, तुम वाकई 'शानदार' हो। तुम्हारी बॉडी लैंग्वेज और कुछ दृश्यों में दबा हुआ दर्द देख मेरा दिल भर आया।" अनुपम ने फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर माधवन और राकेश बेदी की भी तारीफ की और कहा कि इन कलाकारों ने अपने किरदारों में गहराई और विश्वसनीयता ला दी है।

गर्व

देशभक्ति और गर्व जगाने वाली फिल्म

अनुपम ने अंत में कहा, "आदित्य धर, आपको मेरा सलाम। भगवान आपको हमेशा खुश रखे। घर लौटकर मैंने आपके लिए प्रार्थना की। इस फिल्म ने भारत के हर नागरिक में देशभक्ति और गर्व का भाव जगाया है, इसके लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं। आप सभी सिनेमाघरों में जाकर 'धुरंधर' को 2-3 बार देखें। मैं भी यही करने वाला हूं।" बता दें कि 'धुरंधर 2' ने 3 दिन में भारत में 300 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर लिया है

Advertisement