अभिनेत्री अंसिबा हसन का आरोप- AMMA के सदस्यों ने किया उत्पीड़न, चलाया बदनामी का अभियान
'दृश्यम' से लोकप्रिय हुईं अभिनेत्री अंसिबा हसन ने मलयालम कलाकारों के संगठन AMMA के सदस्यों पर उत्पीड़न और बदनामी का आरोप लगाया है। ये विवाद तब शुरू हुआ, जब उन्होंने 19 जून को अभिनेता टीनी टॉम के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर कर सांप्रदायिक और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। पुलिस से कोई कार्रवाई न होने पर, असिबा ने 26 जून को एक और शिकायत दर्ज कराई। इस बार उन्होंने AMMA की पूर्व उपाध्यक्ष लक्ष्मी प्रिया, पूर्व अध्यक्ष श्वेता मेनन और एक ऑनलाइन चैनल के मालिक सुकुमार पर भी उनके खिलाफ बदनामी का अभियान चलाने का आरोप लगाया है।
अंसिबा ने AMMA कार्यकारी समिति से दिया इस्तीफा
अंसिबा हसन ने 21 जून को AMMA की एक महत्वपूर्ण बैठक से ठीक पहले संगठन की कार्यकारी समिति से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने खुलासा किया कि संगठन के भीतर का एक शक्तिशाली गुट उन्हें लगातार निशाना बना रहा था। हसन ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि कुछ सदस्य उनके चरित्र और धार्मिक बैकग्राउंड को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे थे। इसके साथ ही, उन्होंने AMMA के अंदर पैसों की हेराफेरी को लेकर भी चिंता जाहिर की है, जिसकी अब कोच्चि पुलिस गहराई से जांच कर रही है।