अंसिबा हसन ने ठुकराई AMMA की बैठक, टिनी टॉम-लक्ष्मी प्रिया पर लगाए गंभीर आरोप
मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (AMMA) में इन दिनों खूब हलचल मची हुई है। अभिनेत्री अंसिबा हसन ने 1 जून 2026 को होने वाली एक अहम कमेटी मीटिंग में शामिल होने से साफ मना कर दिया है।
उन्हें इस बैठक में साथी अभिनेता टिनी टॉम और एसोसिएशन की उपाध्यक्ष लक्ष्मी प्रिया के खिलाफ लगाए अपने आरोपों को साबित करना था। अंसिबा ने टिनी पर सांप्रदायिक टिप्पणी करने और चरित्र हनन के आरोप लगाए हैं।
वहीं, उन्होंने लक्ष्मी पर उनके खिलाफ 'फर्जी' पुलिस शिकायत दर्ज कराने का आरोप लगाया है, लेकिन अंसिबा ने मीटिंग में जाने के बजाय एक स्वतंत्र जांच की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें AMMA के मौजूदा नेतृत्व पर बिल्कुल भरोसा नहीं है।
टिनी ने आरोपों को नकारा, माला पार्वती ने इस्तीफे की मांग की
टिनी टॉम ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि ये आरोप उनकी छवि खराब करने की एक साजिश है। वहीं, अभिनेत्री माला पार्वती ने तो AMMA की कार्यकारी समिति के तुरंत इस्तीफे की सार्वजनिक मांग कर दी है।
उनका आरोप है कि समिति शिकायतों को ठीक से संभाल नहीं पा रही है। माला, अंसिबा के भेदभाव के आरोपों की निष्पक्ष जांच की भी मांग कर रही हैं।
इस बीच, लक्ष्मी प्रिया भी अंसिबा के खिलाफ अपनी शिकायत के संबंध में पुलिस से संपर्क करने वाली हैं। यह विवाद अब लगातार गहराता जा रहा है, क्योंकि दोनों ही पक्ष अपने-अपने रुख पर डटे हुए हैं।