
कौन हैं अंकुर भाटिया, जो सलमान खान के साथ फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' में मचाएंगे धमाल?
क्या है खबर?
सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का दर्शक बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म के निर्देशन की कमान अपूर्व लाखिया को सौंपी गई है, जिन्होंने फिल्म 'मुंबई से आया मेरा दोस्त' के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में सलमान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। अब 'बैटल ऑफ गलवान' में अभिनेता अंकुर भाटिया की एंट्री हो गई है, जिनकी इस वक्त खूब चर्चा हो रही है। आइए जानें आखिर अंकुर हैं कौन।
रिपोर्ट
सशक्त प्रशिक्षण ले रहे अंकुर
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'बैटल ऑफ गलवान' की स्टार कास्ट में अब अंकुर शामिल हो गए हैं। निर्माताओं ने फिल्म में अहम भूमिका निभाने के लिए अंकुर को चुना है। अभिनेता को भी फिल्म की कहानी पसंद आ गई है। कहा जा रहा है कि यह फिल्म उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित होगी। फिल्म में सैनिक का किरदार निभाने के लिए अंकुर शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त प्रशिक्षण ले रहे हैं।
शुरुआत
भोपाल के रहने वाले हैं अंकुर
अंकुर भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता है। उनका जन्म 24 मई, 1980 को मध्य प्रदेश के भोपाल में हुआ था। 45 वर्षीय अंकुर ने अपनी शुरुआती पढ़ाई भी भोपाल से ही पूरी की है। इसके बाद गणित में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल करने के लिए वे अमेरिका चले गए और शीर्ष परामर्श फर्मों में एक्चुअरी के रूप में काम किया। हालांकि, अंकुर को बचपन से ही अभिनय में रुचि थी, जिसके चलते उन्होंने न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी में दाखिला लिया।
परिचय
इन सितारों के साथ काम कर चुके हैं अंकुर
अंकुर ने साल 2010 में आई फिल्म 'ग्रांट सेंट शेविंग कंपनी' के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा था, जिसका निर्देशन पायल सेठी ने किया था। उन्होंने राम चरण और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'जंजीर' में भी काम किया है, जिसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने ही किया था। इसके अलावा अंकुर श्रद्धा कपूर की 'हसीना पारकर', रणदीप हुड्डा की 'सरबजीत' और शाहिद कपूर की 'ब्लडी डैडी' जैसी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।
सीरीज
अंकुर को 'आर्या' से मिली पहचान
अंकुर ने सुष्मिता सेन की लोकप्रिय वेब सीरीज 'आर्या' के जरिए OTT की दुनिया में कदम रखा था, जो जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है। इसमें उन्होंने संग्राम सिंह राठौर का किरदार निभाया था। अंकुर ने सुष्मिता के साथ वेब सीरीज 'ताली' में भी काम किया है, जिसमें उनके काम को काफी सराहा गया। इस सीरीज को आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं। अब अंकुर फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करते हुए नजर आएंगे।