Page Loader
एंजेलीना जोली हॉलीवुड छोड़ने की तैयारी में, बोलीं- बस अब खुलकर जीना चाहती हूं
हॉलीवुड छोड़ने वाली हैं एंजेलीना जोली

एंजेलीना जोली हॉलीवुड छोड़ने की तैयारी में, बोलीं- बस अब खुलकर जीना चाहती हूं

Dec 06, 2023
02:50 pm

क्या है खबर?

हॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार एंजेलीना जोली की दीवानगी दुनियाभर में है। उन्होंने अपना एक अलग मुकाम हासिल किया है, जो बाकियों के लिए मिसाल है। हालांकि, निजी तौर पर अभिनेत्री अब हॉलीवुड से दूर होना चाहती हैं। हर वक्त लोगों की नजरों में रहने और मीडिया द्वारा निशाना बनाए जाने से उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ा है। अब वह लॉस एंजेलिस और हॉलीवुड से दूर कंबोडिया में अपने घर में समय बिताना चाहती हैं।

खबर 

हर समय मीडिया की नजरों से परेशान हुईं एंजेलीना

वॉलस्ट्रीट जर्नल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अगर आज उन्हें अपना करियर शुरू करना होता तो वह अभिनेत्री नहीं बनतीं। जब उन्होंने अभिनय शुरू किया था, तब चीजें अलग थीं। आज के दौर में वह मंच पर अभिनय करना जरूर पसंद करतीं, लेकिन इसमें अपना करियर कतई नहीं बनातीं। करीब 2 दशक से एंजेलीना लोगों की निगाहों में हैं। खासकर, अभिनेता ब्रैड पिट से तलाक के बाद उनका सामाजिक जीवन और खराब हो गया और तनाव बढ़ता गया।

सेहत

सेहत पर पड़ा बुरा असर

जोली ने अपनी सेहत के बारे में कहा, "मेरा शरीर तनाव नहीं सह पाता है। मेरे ब्लड शुगर का स्तर ऊपर-नीचे होता रहता है। तलाक से 6 महीने पहले मुझे बेल्स पाल्सी (चेहरे में लकवा) हो गया था। उन्होंने बताया कि लॉस एंजेलिस में उनका कोई सामाजिक जीवन नहीं है। मीडिया के कारण वह बाहर निकलने से बचती हैं। उन्होंने कहा, "मैं यहां इतने लंबे समय से हूं कि मेरे बारे में सबकुछ सार्वजनिक है।"

बयान 

जब भी मौका मिलेगा, मैं चली जाऊंगी- जोली

जोली ने खुलासा किया कि वह लॉस एंजेलिस छोड़ने की योजना बना रही हैं। यहां से निकलकर वह कंबोडिया में अपने घर पर रहना पसंद करेंगी। उन्होंने कहा, "यह सब मेरे तलाक के बाद हुआ। अब मैं खुलकर जीने और सफर करने में सक्षम नहीं हूं। जब भी मुझे मौका मिलेगा, मैं यहां से चली जाऊंगी।" उन्होंने आगे कहा, "मैं एक छोटी जगह में बड़ी हुई हूं। दुनिया में रहने के लिए हॉलीवुड एक स्वस्थ्य जगह नहीं है।"

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

एंजेलीना ने 1993 में आई फिल्म 'साइबोर्ग 2' से हॉलीवुड में कदम रखा था। अपनी फिल्म 'गर्ल इंटरप्टेड' के लिए उन्होंने ऑस्कर पुरस्कार जीता था। अपने स्टाइल के लिए भी वह दुनियाभर में लोकप्रिय हैं। एंजेलीना कई सामाजिक संगठनों से भी जुड़ी हुई हैं।

जोड़ी

सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक थी एंजेलीना और पिट की जोडी

एंजेलीना के पूर्व पति ब्रैड पिट भी तलाक के बाद निजी जिंदगी में मुश्किलों की बात कह चुके हैं। इस अलगाव के बाद दोनों की ही जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई। जोली और पिट हॉलीवुड के सबसे चर्चित कपल में से एक थे। रिपोर्ट्स के अनुसार 2005 में 'मिस्टर एंड मिसेज स्मिथ' के दौरान दोनों का रोमांस शुरू हुआ था। दोनों ने 2014 में शादी की थी। 2016 में जोली ने तलाक की अर्जी दी थी।